क्षेत्र के गांव ढांटौली निवासी लव चौधरी ने नवोदय विद्यालय की कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा में जिले में छठवां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वह वर्तमान में गायत्री देवी विद्या मंदिर, मजूपुर में कक्षा पांच के छात्र हैं।
शिक्षक अर्जुन सिंह के अनुसार परीक्षा परिणाम मंगलवार देर रात घोषित हुआ, जिसमें लव ने 96 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस परीक्षा में हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिनमें लव ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की। लव की सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है।