कस्बा जट्टारी के एक निजी डिग्री कॉलेज में इकतरफा प्यार में बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र संदीप मालान (18) ने अपनी साथी छात्रा नेहा शर्मा (18) की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को गोली मारकर जान दे दी।
बुधवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना उस समय हुई, जब छात्रा साथी छात्राओं संग क्लास रूम में बैठकर प्रयोगात्मक परीक्षा की कॉपी लिख रही थी। एकाएक हुए घटनाक्रम से क्लास रूम के साथ-साथ कॉलेज कैंपस में भगदड़ मच गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए और मौके से फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य संकलित किए। छात्र की जेब में मिले कागज पर लिखा शेर इस बात की गवाही दे रहा है कि यह हत्या इकतरफा प्यार में की गई। छात्रा के पिता की तहरीर पर मृत छात्र के खिलाफ हत्या व आत्महत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
टप्पल क्षेत्र के गांव भरतपुर बझेड़ा निवासी पेट्रोल पंप के मुनीम राजेंद्र शर्मा के पांच बच्चों में सबसे बड़ी बेटी नेहा गांव के ही डीडीएस महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। उसके साथ थाना क्षेत्र के ही गांव कमालपुर निवासी पशु चिकित्सक देवेंद्र मालान के दो बेटों दूसरे नंबर का संदीप भी पढ़ता था। बुधवार को दोनों की भौतिक विज्ञान विषय की प्रयोगात्मक परीक्षा थी। कॉलेज के कमरा नंबर एक में क्लास की आधा दर्जन छात्राएं बैठ कॉपी लिख रही थीं, जबकि कमरा नंबर तीन में संदीप करीब 20 छात्रों संग कॉपी लिख रहा था।
तभी करीब पौन बजे अचानक संदीप अपने कमरे से उठकर नेहा के कमरे में पहुंचा और वहां पहुंचते ही उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। इसके बाद तमंचे में दूसरी गोली लोड कर अपनी कनपटी से तमंचा सटाकर खुद को गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
खबर पर सबसे पहले जट्टारी चौकी इंचार्ज के बाद एसओ टप्पल, इंस्पेक्टर खैर, सीओ खैर, एसडीएम खैर पहुंच गए। बाद में फील्ड यूनिट को बुला लिया गया। एसपीआरए डॉ. बृजेश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मौके से तमंचा व दो खोखा बरामद करते हुए छात्रा के पिता की तहरीर पर मृत युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
- युवक की जेब में एक कागज पर शायरी लिखी हुई है। उसके मायने अगर समझे जाएं तो यह इकतरफा प्यार का मामला है। छात्रा के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाकी साक्ष्य संकलित किए गए हैं।
- लव कुमार एसएसपी