25 फरवरी को आने वाले रेल बजट में शामिल करने के लिए कोल विधायक ने भी डीआरएम को भेजे पत्र में मंजूरगढ़ी-अलीगढ़ में मध्य जमालपुर फाटक के पास एएमयू के नाम से हाल्ट, भमोला फाटक पर आरयूबी (अंडर रोड ब्रिज) और दिल्ली से अलीगढ़ के बीच यात्रियों की सहूलियत के लिए मेट्रो ट्रेन चलाने सहित आधा दर्जन प्रस्ताव भेजे हैं।
कोल विधायक हाजी जमीरउल्लाह खां ने भेजे प्रस्ताव में कहा कि अलीगढ़ स्टेशन एनसीआर के पास होने के कारण नई दिल्ली से अलीगढ़ के बीच मैट्रो ट्रेन का संचालन किया जाए। जिससे कम समय में यात्री गंतव्य तक पहुंच सके। इसके अलावा एएमयू के छात्राओं और व्यापारियों को ध्यान में रखते हुए हावड़ा/सियालदाह राजधानी का इस बार स्थानीय रेलवे स्टेशन पर ठहराव किया जाए।
ब्रांच लाइन के अलीगढ़-मंजूरगढ़ी स्टेशन के मध्य जमालपुर फाटक के पास एक हाल्ट स्टेशन एएमयू के हाल्ट के नाम से बनाया जाए। गोरखधाम एक्सप्रेस वाया लखनऊ, कानपुर-दिल्ली शताब्दी का भी स्थानीय रेलवे स्टेशन पर ठहराव स्थानीय रेलवे स्टेशन पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि घनी आबादी के बीच बने भमोला फाटक पर हर समय लोगाें की भीड़-भाड़ रहती है।
इस फाटक की जगह रेलवे का आरयूबी बना दिया जाए तो लोगों को काफी सुविधा मिलेगी साथ ही फाटक पर तैनात रेलवे कर्मी को दूसरी जगह लगाया जा सकता है। उधर, रेलवे सूत्रों की बात मानें तो यह प्रस्ताव पिछले दिनों टूंडला के रेलवे अफसर के माध्यम से डीआरएम को भेजे गए हैं।