महानगर में बेखौफ घूम रहे बदमाशों ने मंगलवार को क्वार्सी इलाके में लगातार दूसरे दिन फिर लूट की घटना को अंजाम दिया है। यह घटना ज्ञान-सरोवर मान सरोवर कॉलोनी में एक ठेकेदार की पत्नी संग हुई है। वाकया दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उस समय का है, जब महिला किसी गमी में से लौट रही थी। तभी घर के पास बाइक सवार पर्स झपट ले गए।
ज्ञानसरोवर-मान सरोवर निवासी ठेकेदार त्रिलोकी नाथ की पत्नी स्वर्ण जयंती कॉलोनी में अपने किसी परिचित के घर गमी में शामिल होने गई थीं। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब वह वापस लौट रही थी, तभी घर से चंद कदम पहले बाइक सवार दो बदमाश उनका पर्स झपट ले गए। पर्स में चाभियां, कागजात के अलावा 15 हजार रुपये नगद रखे थे। लूट के बाद जब शोर मचा तो पब्लिक एकत्रित हुई और पुलिस को खबर दी गई। मगर तब तक बदमाश दूर निकल चुके थे।