कड़ी सुरक्षा के मध्य लोकसभा चुनाव 2019 में भाग्य अजमाने जा रहे प्रत्याशियों के नामांकन मंगलवार आज से आरंभ होंगे। सुबह 11 बजे से तीन बजे तक होने वाले नामांकन के लिए प्रत्याशी समेत पांच लोग ही नामांकन भरने के लिए तीन गाड़ियों में नामांकन कक्ष से 100 मीटर पहले कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार तक आ सकेंगे।
यहां से उन्हें पैदल ही नामांकन कक्ष तक जाना होगा। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी, प्रस्तावक समेत पांच लोग ही प्रवेश कर सकेंगे। अन्य गाड़ियों एवं समर्थकों को 200 मीटर पहले तस्वीर महल चौराहा, एएमयू सर्किल व शमशाद मार्केट साइड लगी बैरीकेटिंग पर रोक दिया जाएगा।
प्रत्याशियों के नामांकन मुख्य निर्वाचन अधिकारी व डीएम द्वारा अधिकृत एआरओ एवं एसडीएम कोल रंजीत सिंह स्वीकार करेंगे। समूची कार्रवाई सीसी कैमरों की निगरानी में चलेगी। चीफ इलेक्शन कमिश्नर ने सोमवार को द्वितीय चरण के चुनाव की तैयारियों की वीडियो कांफ्रेंसिंग से समीक्षा की। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पूर्ण पारदर्शिता से कराने के निर्देश दिए।
कड़ी सुरक्षा में रहेगी कलेक्ट्रेट, बम निरोधक दस्ते ने की चेकिंग
नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट के चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। अधिकारी एवं कर्मचारियों को भी परिचय पत्र होने पर ही परिसर में प्रवेश करने दिया जाएगा। इससे पहले पुलिस ने सोमवार से ही यहां बैरीकेटिंग आदि लगाकर मोर्चा संभाल लिया है। सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार को सीओ एलआईयू सतीश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में डाग स्क्वायड एवं बम निरोधक दस्ता के साथ कलेक्ट्रेट परिसर की एंटी सबोटाज चेकिंग करायी गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति एवं वस्तुओं की जांच की गई। कलेक्ट्रेट के चप्पे-चप्पे को चेक किया गया। इधर, मंगलवार को होने वाले नामांकन के लिए तस्वीर महल चौराहे पर बैरीकेडिंग पर एक सीओ के नेतृत्व में एसओ, सब इंस्पेक्टर व पुलिस पीससी टीम रहेगी। इसी तरह एक सीओ के नेतृत्व में शमशाद मार्केट रोड व एएमयू रोड से पुलिस बल मौजूद रहेगा। इसी तरह मुख्य द्वार पर व नामांकन कक्ष पर भी पुलिस बल मौजूद रहेगा। हर प्वाइंट पर अलग-अलग इंस्पेक्टर व उनके साथ दरोगाओं की टीम लगाई गई है।
प्रत्याशी के पास नामांकन के लिए मात्र चार दिन
लोकसभा चुनावों में भाग्य अजमाने जा रहे प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया पर इंस्टूमेंटल निगोशिएबिल एक्ट का साया पड़ गया है। एक्ट के तहत होली के दो दिनों 20 एवं 21 मार्च के अवकाश के साथ चौथे शनिवार 23 मार्च व रविवार 24 मार्च के अवकाश के चलते अब प्रत्याशियों के सामने नामांकन के लिए चार दिन ही बचे हैं। इसके चलते 19 मार्च, 22 मार्च, 25 एवं 26 मार्च को ही नामांकन हो सकेंगे। यदि धार्मिक मान्यता के हिसाब से देखा जाय तो नामांकन के पहले दिन होलिकाष्टक पड़ने के कारण प्रत्याशी के पास नामांकन के लिए मात्र तीन दिन ही बचते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार होलिकाष्टक पर शुभ काम नहीं हो सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम चंद्रभूषण सिंह ने स्वीकार किया कि इंस्टूमेंटल निगोशिएबिल एक्ट के कारण 20 एवं 21 मार्च को कोषागार एवं बैंकों में होली का अवकाश है। इसके चलते इन दो दिनों में नामांकन नहीं हो सकेंगे। चौथे शनिवार 23 मार्च एवं रविवार 24 मार्च को भी अवकाश रहेगा। इन दिनों में भी नामांकन नहीं होंगे।
दलीय को एक तो निर्दलीय को लाने होंगे दस प्रस्तावक
नामांकन के लिए राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों को एक प्रस्तावक की जरूरत पड़ेगी, जबकि निर्दलियों को अपने साथ दस प्रस्तावक लाने होंगे। दोनों की तरह के प्रत्याशी अपने साथ नियमानुसार पांच लोगों को ही नामांकन कक्ष तक ले जा सकेंगे। निर्दलीय प्रत्याशियों के अन्य प्रस्तावकों को 100 मीटर दूर कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार पर रोक लिया जाएगा। इन प्रस्तावकों को पहले जाने वाले प्रस्तावकों के आने के बाद दो-दो की संख्या में नामांकन कक्ष में भेजा जाएगा।