आगरा विश्वविद्यालय की हो रही परीक्षाओं में अतरौली क्षेत्र के डिग्री कॉलेजों में जमकर नकल हो रही है। आगरा विश्वविद्यालय से सोमवार को आए सचल दल ने कई कॉलेजों में छापा मारा। तीन कॉलेजों में सामूहिक नकल पकड़ी गई। सचल दल ने तीनों परीक्षा केंद्रों पर कार्रवाई की संस्तुति की है। इसके साथ ही आगे की परीक्षाओं में और अधिक सख्ती अपनाने की बात कही है।
डिग्री कॉलेजों में स्नातक व परास्नातक कक्षाओं की परीक्षाएं हो रही हैं। ज्यादातर कॉलेजों में सामूहिक नकल की शिकायतें विश्वविद्यालय तक पहुंच रही थी। सोमवार को बीएससी की परीक्षा में आगरा विश्वविद्यालय का सचल दल अतरौली के लालाराम श्रीदेवी डिग्री कॉलेज पहुंचा।
यहां कॉलेज परिसर से ढाई सौ से अधिक मॉडल पेपर व 32 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए टीम ने पकड़ा। इसके बाद गिर्राज धरन महाविद्यालय नाहल टीम पहुंची। यहां सीसीटीवी कैमरे संचालित नहीं मिले। पालीमुकीमपुर के बिहारीलाल भारती डिग्री कॉलेज में चार नकलची व दो मोबाइल बरामद किए गए।
यहां पर सामूहिक नकल पर कार्रवाई की संस्तुति की गई। सचल दल ने इसके अलावा कई अन्य परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरे संचालित न होने की शिकायत ज्यादातर जगहों पर मिली। सचल दल प्रभारी ने बताया कि विभिन्न माध्यम से अलीगढ़ जिले में कई जगहों पर नकल की शिकायतें मिल रही हैं।
परीक्षाओं को नकल विहीन कराने के लिए सचल दल और सख्ती से दौरे करेगा ताकि परीक्षाओं में नकल पर अंकुश लगाया जा सके।