हार्डवेयर के साथ इनबिल्ट आने वाले ताले अब 28 से 18 फीसदी के स्लैब में आने की उम्मीद है। इससे डोर फिटिंग वाले हार्डवेयर, हार्डवेयर के साथ ही आने वाले ताले, महंगे हार्डवेयर के उत्पाद सस्ते होंगे। जिससे इनकी मांग बढ़ेगी और बाजार में इसकी खपत बढ़ेगी। अलीगढ़ में ऐसे उत्पाद बड़ी मात्रा में बनते हैं, जिनकी आपूर्ति देश-विदेश में होती है।
शहर की लगभग 100 इकाइयों में इनका निर्माण होता है। स्थानीय उद्यमी, निर्यातक केंद्र सरकार के इस कदम की सराहना कर रहे हैं, जिसमें जीएसटी की दो स्लैब दरें तय करने की पहल की जा रही है। हार्डवेयर कारोबारी प्रदीप के गुप्त कहते हैं कि अलीगढ़ में बड़ी मात्रा में महंगे हार्डवेयर उत्पाद, हार्डवेयर में इनबिल्ट ताले और अन्य डोर फिटिंग के उत्पाद बनते हैं। इनमें से कई उत्पाद 28 फीसदी के स्लैब में आते हैं। अगर इनको 18 फीसदी के स्लैब में रखा जाता है तो यकीनन कारोबार बढ़ेगा। उत्पादन बढ़ने से लोगों को रोजगार भी ज्यादा मिलेगा। अगर ताले को भी 18 फीसदी से घटा कर पांच फीसदी के स्लैब में कर दिया जाए तो मध्यम वर्ग के कारोबारियों को और राहत मिलेगी।