प्रदेश के एमएसएमई राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने कहा है कि गारमेंट (अपैरल) पार्क के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष आगरा के साथ-साथ अलीगढ़ के लिए भी उन्होंने पैरवी की है।
मुरादाबाद में राज्यमंत्री गुलाबदेवी की सुपुत्री के विवाह समारोह से लौटते समय एमएसएमई राज्यमंत्री तालानगरी स्थित लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष गौरव मित्तल के फैक्टरी में करीब एक घंटे तक रुके।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा कि सूक्ष्म एवं लघु उद्योग पर इस समय पूरा ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आत्मनिर्भर भारत की बात करते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिन-रात परिश्रम से आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने के प्रयास कर रहे हैं।
यह तभी संभव है, जब विश्वकर्मा योजना, स्टार्ट अप योजना पर हर स्तर पर काम हो। उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि ऋण आवंटन के मामले में बैंकों के स्तर से कई दक्कतें आती हैं। बैंक मध्यम उद्यम को तो ऋण देने के लिए तैयार रहते हैं, लेकिन माइक्रो और स्माल इंडस्ट्री को ऋण देने के लिए सहज तैयार नहीं होते। प्रयास है कि बैंकों से संबंधित यह दिक्कतें दूर हों।
उनका मानना है कि केंद्र सरकार ने जो धन आवटिंत किया है, उसमें 33.33 प्रतिशत माइक्रो और स्माल इंडस्ट्री के लिए आवंटित होना चाहिए और शेष हिस्सा मध्यम उद्यम को मिले। ऐसा प्रावधान होने से बैंकों की मनमानी पर अंकुश लग सकेगा।
चौ. उदयभान सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने औद्योगिक क्षेत्र के लिए प्रावधान बदले हैं। 25 एकड़ की जगह पांच एकड़ कर दिया गया है। इस प्रावधान से गांव-गांव में औद्योगिक क्षेत्र पनपेंगे। प्रदेश सरकार बिजली, पानी, सुरक्षा, सड़क आदि की बुनियादी सुविधाएं देने के लिए प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष गौरव अग्रवाल, महामंत्री नीरज अग्रवाल, विकास मित्तल, भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह, श्रीनाथ पासवान, ब्रजेश यादव, भवेश गर्ग, आकश मित्तल, डॉ. राजीव अग्रवाल, अभय गर्ग आदि मौजूद थे।