मंगलवार की दोपहर करीब पौने दो बजे गांव धारागढ़ी के पास लोडर टेंपो और ई रिक्शा में टक्कर हो गई। टकराते ही दोनों वाहन पलट गए। हादसे में दोनों वाहनों में सवार 13 लोग घायल हुए हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद छह को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव कलुआ बेलौठ निवासी सतीश, दीवान सिंह व राकेश के पुत्रों का मंगलवार को मुंडन संस्कार होना था। इसके लिए परिवार के लोग लोडर टेंपो से गांव से गंगा घाट जा रहे थे। वहां बच्चों का मुंडन कराने के बाद सभी को गंगा स्नान करना था। वहीं ई रिक्शा सवार अलीगढ़ शहर से गांव सुबकरा रिश्तेदारी में जा रहे थे।
गांव धारागढ़ी के पास दोनों वाहन सामने से टकराकर पलट गए। इससे उनमें बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानांतरित थाना प्रभारी सुनील कुमार तोमर वहां से निकल रहे थे। उन्होंने रुककर थाने से फोर्स सहित एंबुलेंस बुलाई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को पलटे पड़े वाहनों से बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस के जरिये सीएचसी पहुंचाया गया।
ई रिक्शा सवार जाहिद, जुनैद निवासी सुबकरा के पैर और हाथ, मुस्कान पत्नी शाहिद, नाहिद पत्नी शाहरुख, अलीशा पुत्री शाहरुख निवासीगण नींवरी के सिर पर चोट आई है। लोडर टेंपो सवार रेनू पत्नी दीवान सिंह, पुष्पा पत्नी सुखराम के सिर, सतीश पुत्र सुखवीर के हाथ में फ्रेक्चर, लक्ष्मी पुत्री भूदेव के कमर में चोटें आई हैं। सत्यवती देवी, मीनाक्षी, रमा देवी, राकेश भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद रेनू देवी, पुष्पा देवी, सतीश, लक्ष्मी, मुस्कान और नाहिद को हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया है।