जिला उद्योग बंधु की बैठक शुक्रवार को हुई। अध्यक्षता करते हुए डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के चलते उद्योग लगाना आसान हुआ है। डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना के बाद जनपद नये रूप में उभरकर सामने आएगा। नोएडा एवं दिल्ली समेत जेवर एयरपोर्ट की अलीगढ़ से नजदीकी उद्यमियों की राह को सुगम और आसान बनाएगी। उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि वह डिफेंस कॉरिडोर में इकाईयां स्थापित करें, जिला प्रशासन आवश्यकता के अनुरूप जमीन उपलब्ध कराएगा।
डीएम ने आरएम यूपीएसआईडीसी को निर्देश दिये कि अपने क्षेत्र के अधीन आने वाली भूमि का तहसील की मदद से चिन्हांकन करा लें, ताकि निजी भूमि एवं यूपीएसआईडीसी की भूमि में कोई विवाद न हो। उद्यमियों ने यहां नगर निगम द्वारा बनाये जा रहे स्काई टावर में फ्लैट आवंटन नहीं होने का मुद्दा उठाया। उद्यमियों ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व उन्होंने फ्लैट आवंटन के लिए धनराशि जमा की थी, परंतु अभी तक फ्लैट नहीं मिले। इसलिए अब धनराशि वापस दिलाई जाए। इस पर डीएम ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि जनपद में सभी इकाईयों द्वारा कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना की गयी है। केंद्र सरकार की शिशु योजना के संबंध में उन्होंने बताया कि 144 इकाईयां पंजीकृत हो गयी हैं, परंतु प्रोफाइल अपडेट की कार्यवाही कर शीट जनरेट का कार्य नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सभी कार्मिकों को निर्देशित किया कि पंजीकरण करते हुए प्रोफाइल अपडेट कर लें।
उपायुक्त पासवान ने बताया कि मिनी औद्योगिक आस्थान खैर में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जा रही है। आस्थान में स्वतंत्र विद्युत फीडर की मांग के सापेक्ष विद्युत विभाग द्वारा बताया गया कि प्राकलन तैयार कर लिया गया है। औद्योगिक आस्थान अलीगढ़ में असामाजिक तत्वों के जमावड़े के संबंध में अब कोई शिकायत प्राप्त नहीं हो रही है। यहां पर डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण के संबंध में नगर निगम कर्मी ने कहा कि एक सप्ताह में प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उद्यमियों द्वारा औद्योगिक आस्थान के कर्मचारियों की कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत सैंपलिंग कराने की मांग पर डीएम ने सीएमओ का सैंपलिंग कराने के निर्देश दिये। मैसर्स आर्यन फूड इगलास की इकाई में पांच किलोवाट के कनेक्शन के लिए विद्युत ट्रांसफार्मर रखे जाने का कार्य 15 दिन में पूर्ण करने के निर्देश दिये गये।