जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि लेखपाल राजस्व मामलों से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए थाना दिवस और तहसीलों में होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम में राजस्व अभिलेखों के साथ मौजूद रहें। पुलिस व राजस्व की टीम संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर राजस्व से जुड़े मामलों का समाधान कराएं।
जिलाधिकारी शनिवार को एसएसपी कलानिधि नैथानी के साथ थाना सिविल लाइंस में फरियादियों की समस्याओं को सुन रहे थे। इस दौरान जमीन से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि तहसील व थाना दिवसों में आने वाली शिकायतों व उनके निस्तारण की गुणवत्ता को शासन स्तर से सीधा शिकायतकर्ता को फोन कर परखा जा रहा है। यदि गुणवत्ता खराब पाई जाती है अथवा शिकायतकर्ता संतुष्ट नही होता है तो संबंधित को जिम्मेदार मानते हुए उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चकरोड, जमीन के विवाद, तालाब कब्जा, अवैध भूमि अतिक्रमण आदि मामलों में पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, सीओ सिविल लाइंस श्वेताभ पांडेय आदि मौजूद रहे।