उप्र विधान परिषद की समिति रविवार को अलीगढ़ मंडल में मिलावटी खाद्य पदार्थों व नकली दवाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा करेगी। कलक्ट्रेट में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद समिति यहां से मथुरा के लिए रवाना होगी। 30 दिसंबर तक समीक्षा के बाद समिति अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।
एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी ने बताया कि विधान परिषद समिति पीलीभीत से चलकर अलीगढ़ पहुंचेगी। यहां दोपहर एक बजे से कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद साढ़े तीन बजे मथुरा के लिए रवाना हो जाएगी। बैठक में 2018-19 से अब तक वर्षवार दूध से निर्मित खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए क्या कार्रवाई की गई है, 2018-19 से अब तक कितने मेडिकल स्टोर से औषधि का नमूना लिया गया है, रेस्टोरेंट व ठेलों पर कचौड़ी, समोसा, भटूरे में प्रयोग होने वाले खाद्य तेल के बार-बार प्रयोग होने से रोकने के लिए क्या कार्य योजना बनाई गई है, 2018-19 से अब तक सब्जी व पशुओं में प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन लगाने के कितने मामले मिले हैं, पान-मसाला, गुटखा में मिलावट रोकने के लिए क्या कार्रवाई की गई. टॉप-10 छापे आदि बिंदुओं पर समीक्षा होगी। ब्यूरो