नुमाइश के लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। सुरक्षा व्यवस्था के जिला पुलिस का भी सहयोग मांगा गया है। इस बार नुमाइश की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी। इसके लिए जिला पुलिस को 14 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस पैसे में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी से लेकर खाने-पीने तक की व्यवस्था रहेगी। साथ ही नुमाइश प्रशासन ने इस साल भी रात एक बजे बाद वैरायटी शो, झूले, सर्कस आदि कराने की अनुमति नहीं दी है। सिर्फ सुबह चार बजे तक नौटंकी के आयोजन की अनुमति दी गई है।
नुमाइश मैदान में लगने वाली राजकीय औद्योगिक कृषि प्रदर्शनी यानी नुमाइश में हर साल की तरह इस साल भी पुलिस के डॉग स्क्वायड की व्यवस्था, एक अस्थाई कोतवाली, पांच अस्थाई थाने, नौ अस्थाई चौकी, एक अस्थाई पुलिस नियंत्रण कक्ष, दो स्थानों पर अस्थाई अग्निशमन कक्ष, यातायात व्यवस्था के लिए जीटी रोड पर दोनों ओर बैरियर लगाना आदि प्रस्तावित है। दरअसल, नुमाइश के दौरान लाखों की भीड़ को संभालना पुलिस और प्रशासन के लिए हमेशा से चुनौती पूर्ण रहा है। साथ ही नुमाइश में आने वाली महिलाओं, युवतियों की शोहदों से सुरक्षा करना बेहद चुनौती भरा रहता है।
उद्योग व कृषि कक्ष में नहीं लगेगी चाट-पकौड़ी या अन्य कोई दुकान
नुमाइश प्रशासन ने तय किया है कि इस बार उद्योग व कृषि कक्ष में चाट-पकौड़ी या अन्य कोई दुकान नहीं लगेगी। इन पर प्रतिबंध लगाया गया है। अगर, इसके बाद भी कोई दुकानदार आदेश की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस बार नुमाइश सचिव तहसीलदार कोल के वित्तीय अधिकार एक हजार रुपये से बढ़ाकर दस हजार रुपये कर दिए हैं। वहीं, नुमाइश के प्रभारी अधिकारी यानी एडीएम सिटी के वित्तीय अधिकार 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार कर दिए हैं।
नुमाइश का फेसबुक, यू-ट्यूब पर होगा लाइव प्रसारण
नुमाइश इस बार अत्याधुनिक होगी। फेसबुक और यू-ट्यूब पर नुमाइश के बड़े आयोजनों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। साथ ही बीते वर्ष लांच की गई नुमाइश की वेबसाइट ‘अलीगढ़ महोत्सव डॉट इन’ पर भी कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। साथ ही इस वर्ष ई-स्मारिका भी जारी की जाएगी।
वेबसाइट व स्मारिका कमेटी की बैठक एडीएम वित्त की अध्यक्षता में शनिवार को इसको लेकर बैठक हुई। बैठक में यह सभी निर्णय लिए गए। स्मारिका कमेटी के संपादक मंडल के अध्यक्ष होंगे एडीएम न्यायिक, ड्राफ्टिंग व कंटेंट राइटिंग की जिम्मेदारी कोविड कंट्रोल रूम की इंचार्ज स्मृति गौतम, वेबसाइट, फेसबुक व यू-ट्यूब की जिम्मेदारी ईडीएम मनोज राजपूत को दी गई है। वेबसाइट व स्मारिका कमेटी के अध्यक्ष एडीएम वित्त ने कहा कि कोविड के दृष्टिगत अलीगढ़ नुमाइश के कार्यक्रम लोग अपने घरों पर बैठकर देख सकते हैं।