सासनी गेट चौराहा स्थित मिठाई की दुकान पर दुकान मालिक से दस्तावेजों के बारे में जानकारी लेते
- फोटो : samvad
राज्य जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) मथुरा की टीम ने शुक्रवार को शहर के नामी मिठाई विक्रेता लक्ष्मी पन्ना पेड़े वालों की सासनी गेट स्थित दुकान पर छापा मारा। टीम ने मुख्य दुकान के अलावा मथुरा रोड स्थित अघोषित शाखा पर भी जांच की और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को संकलित किया।
एसआईबी मथुरा की टीम दोपहर करीब दो बजे सासनी गेट स्थित लक्ष्मी पन्ना पेड़े वालों की दुकान पर पहुंची। अधिकारियों ने दुकान पर मौजूद कर्मियों से बिल दिखाने के लिए कहा। कुछ देर बार मौके पर पहुंचे दुकान मालिक शुरुआत में तो कोई भी बिल दिखाने में असमर्थ रहे। बिल काटने की सुविधा न होने की बात पर दुकान मालिक ने एक इलेक्ट्रॉनिक इनवाॅयस काटने वाली मशीन दिखाई, जो वर्षों से धूल फांक रही थी और वर्तमान में खराब पड़ी थी।
टीम के अधिकारियों ने दुकान के साथ गोदाम के स्टॉक की गणना की। दुकान पर हो रही बिक्री के आंकड़े भी जुटाए। देर शाम तक चली इस कार्रवाई के दौरान फर्म से जुड़े कई दस्तावेजों को भी टीम ने संकलित किया। टीम ने फर्म की मथुरा रोड स्थित अघोषित शाखा पर भी जांच की। यह कार्रवाई राज्य जीएसटी की एसआईबी मथुरा के संयुक्त आयुक्त अनिल कुमार कनौजिया के नेतृत्व में हुई। टीम में उपायुक्त एसआईबी दीपक कुमार, उपायुक्त खंड एक आरके सिंह, सहायक आयुक्त एसआईबी अवधेश कुमार, सहायक आयुक्त खंड एक मयंक जैन, सहायक आयुक्त खंड दो हरिनाथ यादव, एसटीओ एसआईबी सुबोध कुमार, एसटीओ खंड एक नीरज सिंह आदि अधिकारी शामिल रहे। उपायुक्त खंड एक आरके सिंह ने बताया कि जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद एसआईबी मथुरा की ओर से स्थिति स्पष्ट की जाएगी।