किसान परिवार में पले बड़े सपेरा भानपुर निवासी इंजी. कुशलेंद्र चौधरी गांव के गरीब बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाकर शिक्षा का अलख जगाएंगे। सर सैयद एजूकेशनल एंड माइनोरिटी वेलफेयर सोसायटी के तत्वाधान में किरन एनजीओ द्वारा संचालित किरन कोचिंग सेंटर का दायरा बढ़ाते हुए मंगलवार को उन्होंने यह घोषणा की है।
सेंटर में अभी तक 9वीं से 12वीं तक के करीब 45 गरीब बच्चों को इंजी. कुशलेंद्र चौधरी नि: शुल्क पढ़ा रहे हैं। हालांकि अभी तक पास ही मढैया स्थित अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चे नि: शुल्क शिक्षा का लाभ नहीं ले रहे हैं। सर सैयद एजूकेशनल एंड माइनोरिटी वेलफेयर सोसायटी ने मंगलवार को उक्त केंद्र को अपना समर्थन देते हुए अल्पसंख्यक गरीब बच्चों से भी नि:शुल्क शिक्षा का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
इंजी. कुशलेंद्र चौधरी ने बताया कि सीबीएसई स्कूल भी खोलने की योजना है, इसके तहत छात्राओं को नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी। कुशलेंद्र खैर स्थित आईटीएम कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उनके सराहनीय काम के लिए 17 फरवरी को साहित्योत्सव 2016 में इन्हें शिखरश्री अवार्ड से भी सम्मानित किया जाएगा।