महानगर के सासनी गेट इलाके में शनिवार शाम कोल्डड्रिंक पीने से दसवीं की छात्रा की जान चली गई, जबकि उसकी एक सहेली बेहोश हो गई। बाद में देर रात होश में आई सहेली के बयानों ने तमाम सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कोल्डड्रिंक में ऐसा क्या था, जिसकी वजह से छात्रा की मौत हो गई।
जयगंज 35 नंबर स्कूल के पास सराय राजाराम निवासी मजदूर निरंजनलाल की दो बेटियों में छोटी 14 वर्षीय निशा चिरंजीलाल कन्या विद्यालय में दसवीं की छात्रा थी। वह शाम पांच बजे आवास विकास कॉलोनी में अपनी तीन अन्य सहेलियों संग कोचिंग गई।
वह पहले से अपने बैग में एक कोल्डड्रिंक और तीन गिलास लेकर गई। जहां उसने एक गिलास कोल्डड्रिंक खुद पी और आधा गिलास अपनी सहेली हिमांशी पुत्री राकेश निवासी बाला की सराय को पिलाई। बाकी दो सहेलियों पूजा व बबिता ने पीने से मना कर दिया। मगर बबिता ने जिद पर एक घूंट ही पी। इसके कुछ देर बाद मिनट बाद ही निशा व हिमांशी चक्कर खाकर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। इस पर सहेलियों व ट्यूटर के होश उड़ गए। तत्काल परिजनों को बुलाया और सासनी गेट के नर्सिंग होम ले जाया गया।
वहां से उन्हें रूसा मेडिकल सेंटर में भेज दिया गया और वहां काफी देर तक दोनों का इलाज चला। देर रात निशा ने दम तोड़ दिया, जबकि हिमांशी का इलाज जारी था। निशा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। खबर पर पुलिस भी नर्सिंग होम पहुंच गई थी। एसओ सासनी गेट विनोद यादव के अनुसार फौरी जांच में कोल्डड्रिंक पीने से मौत की बात सामने आ रही है। अब उसमें ऐसा क्या था, यह जांच के बाद ही तय होगा।
खुद कुछ करने की बात कहती थी निशा:हिमांशी
देर शाम से इलाज पा रही हिमांशी ने रात करीब साढ़े ग्यारह बजे होश आने पर जो बताया, उसे सुन खुद पुलिस, परिजन व डॉक्टरों के होश उड़ गए। हिमांशी के अनुसार निशा पिछले तीन-चार दिन से कुछ करने की बात कह रही थी। वह परिवार में किसी टोका-टाकी को खुद की परेशानी का कारण बताती थी। निशा अपने बैग में कोल्डड्रिंक और तीन गिलास लाई थी। एक गिलास में उसने खुद पलटकर पी और आधा गिलास मुझे पिलाया। हिमांशी को पीते ही उल्टियां हुईं, जबकि निशा ज्यादा मात्रा में पीने के कारण तत्काल बेहोश हो गई थी। बबिता ने एक घूंट ही पिया था, इसलिए उसे कोई असर नहीं हुआ।
---
-दोनों बच्चियों को जब नर्सिंग होम लाया गया तो उनमें से एक की हालत बेहद नाजुक थी। हिमांशी को लाइफ सेविंग ड्रग दिया गया। तब उसे बचाया गया। मगर उन्होंने हकीकत में क्या पिया, यह तो पोस्टमार्टम व फारेंसिक जांच का विषय है। हिमांशी ने होश आने पर इतना बताया कि कोल्डड्रिंक निशा ने पीने को दी थी।-डॉ.यूएस वार्ष्णेय रूसा मेडिकल सेंटर
---