किसी की अंतिम यात्रा सम्मान और गरिमा के साथ निकले, यही हर परिवार की इच्छा होती है। लेकिन गोरई कस्बे के गोंडा रोड पर शुक्रवार को ऐसा नहीं हो सका। गांव के खानचंद शर्मा की शव यात्रा को घुटनों तक भरे गंदे पानी के बीच से निकालना पड़ा।
इस दृश्य ने वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या की पोल खोल दी। बारिश और नालियों का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से पूरा मार्ग तालाब में तब्दील हो गया है। मजबूर परिजन और ग्रामीण पानी में उतरकर अंतिम यात्रा लेकर चले। यह दृश्य देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय निवासी राजेश ठेनुआं, ज्ञान सिंह, करण सिंह व ऋषिपाल सिंह ने कहा कि जब किसी की अंतिम विदाई भी पानी में होकर हो, तो इससे बड़ी प्रशासनिक विफलता क्या होगी।
बीडीओ आदिल फैज ने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कराकर जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा, मौके पर टीम भेजी जाएगी। ग्रामीणों से भी बातचीत की जाएगी।