महानगर के देहली गेट नीवरी मोड़ सोसाइटी वाली गली में सोमवार देर शाम पॉलिश कारीगर की पत्नी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इस मामले में एक तरफ जहां महिला द्वारा सुसाइड की बात कही जा रही है, वहीं मायके पक्ष ने पति आदि ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है और थाने में तहरीर भी दी है। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद शव मायका पक्ष को सौंप दिया गया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उसके आधार पर प्रकरण का भविष्य तय किया जाएगा।
नीवरी मोड़ के शमशाद पुत्र अलीहसन की शादी 14 साल पहले हूरबानो (32) पुत्री जुम्मन निवासी रोरावर टूटा वाला मंदिर संग हुई थी। दंपती पर दो बेटा व एक बेटी भी हैं। पेशे से पॉलिश प्लांट का कारीगर शमशाद करीब दो साल से गुजरात के राजकोट में अपने बहन-बहनोई के पास रहकर नौकरी कर रहा था। इस दौरान उसकी पत्नी बच्चों को लेकर मायके में ही रह रही थी। वह रविवार को राजकोट से यहां आया तो अपनी पत्नी व बच्चों को ससुराल से अपने घर ले आया।
जुम्मन का आरोप है कि सोमवार देर शाम उन्हें खबर मिली कि बेटी हूरबानो की तबियत बिगड़ गई है। वह उसकी ससुराल पहुंचे तो उसकी लाश जमीन पर पड़ी थी। शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं था। खबर पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में जुम्मन की ओर से बेटी के पति, ससुर, सास, ननद-ननदोई, जेठ-जिठानी को नामजद कर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर में आरोप है कि पूर्व में भी ससुराल में उसे पीटा जाता था।
इसी वजह से वह मायके में आकर रह रही थी। इंस्पेक्टर देहली गेट इंद्रेश सिंह के अनुसार प्रकरण में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। यह सही है कि हत्या का आरोप लगा है। मगर ससुराल पक्ष ने महिला द्वारा सुसाइड की जानकारी दी है। जो रिपोर्ट कहेगी, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।