होली पर बाहर से आने वाले लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की विशेष नजर है। अधिकारियों का पूरा जोर संक्रमण की चेन को तोड़ना है। साथ ही गूलर रोड, सासनी गेट एवं बैंक कॉलोनी क्षेत्र में सैंपलिंग बढ़ाने की योजना है। इन क्षेत्रों में कोरोना का कहर अधिक रहा है।
होली के त्योहार पर बाहर से लोग घर आ रहे हैं। महाराष्ट्र सहित देश के कई प्रदेशों में कोरोना के केस बढ़ने के बाद चिंता बढ़ गई है। महाराष्ट्र में रविवार से रात्रि कर्फ्यू लगने जा रहा है। इसकी वजह से यहां के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। सबसे अधिक चिंता बाहर से आने वाले लोगों को लेकर है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद की सीमा पर सैंपलिंग बढ़ा दी गई है।
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर नमूना लिया जा रहा है। सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि देश में जीनोम सीक्वेंसिंग के नए केस सामने आ रहे हैं। यह चिंता का विषय है। चार लोगों का नमूना जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लखनऊ भेजा गया है। उसमें से दो लोग दुबई से आए हैं।
कोशिश हो रही है कि अधिक से अधिक नमूने लिए जाए ताकि संक्रमित व्यक्ति की पहचान हो सके और संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके। साथ ही शहर के गूलर रोड, सासनीगेट, बैंक कॉलोनी आदि में अधिक सैंपलिंग की योजना है। इन क्षेत्रों में अधिक लोग संक्रमण की चपेट में आए थे। जिन क्षेत्रों में कोरोना से मृत्यु हुई है, उन क्षेत्रों में भी सैंपलिंग बढ़ाने की योजना है।
अब तक संक्रमित - 11568
अब तक स्वस्थ हुए संक्रमित - 11480
जनपद में सक्रिय केस - 31
जनपद में कोरोना से मृत्यु - 57
जनपद में अब तक जांच - 646741
मरीजों के ठीक होने की दर - 99.20 प्रतिशत
मृत्यु दर - 0.49 प्रतिशत