बस की टक्कर से कासगंज के युवक की मौत
- फोटो : Rupesh
लोधा थाना क्षेत्र में खैर रोड स्थित हरिदासपुर बंबा के पास अलीगढ़ रोडवेज की बस ने लोडर रिक्शे में टक्कर मार दी। बस की टक्कर से रिक्शा सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए।
ग्रामीणों को जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंच गए और जाम लगाते हुए बस में तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को गिरफ्तार किया और ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेज मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कासगंज के बृह्मपुरी निवासी 18 वर्षीय अर्जुन पुत्र मुंशी लाल पिछले 15 दिनों से खैर रोड स्थित गांव लहौसरा में अपनी बहन सुनीता देवी पत्नी अरविंद के यहां रह रहा था। मंगलवार की शाम पांच बजे के करीब अर्जुन अपने भांजे अनुज, गांव के ही रहने वाले अर्जुन पुत्र विनोद के साथ लोडर रिक्शा में खेरेश्वर से लहौसरा जा रहा था। रास्ते में हरिदासपुर बंबा के पास पलवल से अलीगढ़ आ रही अलीगढ़ डिपो की बस ने सामने से रिक्शे में टक्कर मार दी।
दुर्घटना में अर्जुन की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका भांजा अनुज तथा गांव का ही रहने वाला दूसरा युवक अर्जुन दूर जाकर गिर गए। इसकी जानकारी ग्रामीणों को लगी तो आक्रोशित ग्रामीणों ने बस को रोक लिया और तोड़फोड़ करते हुए जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम को खुलवाया। बताते हैं कि मृतक के बहनोई ने बस चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।