अखिल भारतीय करणी सेना के अलीगढ़ में सपा कार्यालय के घेराव से पहले प्रभारी निरीक्षक बन्ना देवी पंकज मिश्रा व प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन राजवीर परमार फोर्स के साथ प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर ज्ञानेंद्र सिंह चौहान के आवास रिसाल सिंह नगर पर पहुंचे। वहां प्रदेश अध्यक्ष को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। हाउस अरेस्ट की सूचना पर करणी सेना के तमाम कार्यकर्ता वहां पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं की पुलिस अधिकारियों से नोकझोंक हुई।
प्रदेश अध्यक्ष को सीओ द्वितीय के कार्यालय पर एसीएम प्रथम को ज्ञापन देने के लिए कहा गया। करणी सेना के पदाधिकारियों ने एसीएम प्रथम को ज्ञापन दिया। सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन की सदस्यता बर्खास्त करने और उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई।
प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि 21 मार्च को राज्यसभा में सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने राणा सांगा व समस्त हिंदू समाज को गद्दार कहा था, जिस पर पूरे देश में रामजीलाल सुमन के बयान का विरोध हुआ। 26 मार्च को आगरा में करणी सेना के धरना-प्रदर्शन पर सपाईयों ने पथराव किया, जिसमें कार्यकर्ता व पुलिस कर्मी घायल हुए। इसके विरोध में करणी सेना सपा कार्यालय का घेराव एवं रामजीलाल सुमन का पुतला फूंकने जा रहे थे। उससे पहले पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। खैर रोड की तरफ से आ रहे करणी सेना ने खेरेश्वर चौराहे पर ही रामजीलाल सुमन का पुतला फूंक दिया और नारेबाजी की।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष जगमोहन मालवीय, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा शक्ति वीरू भदोरिया, जिलाध्यक्ष राजेश वशिष्ठ, संजय सिंह, वीपी सिंह, संजीव सक्सेना, आलेख सैनी, विवेक जादौन, मनु ठाकुर, आलोक कुमार, सूर्यांश खुराना, सुंदर राघव, शिवम जादौन, मुकेश कश्यप, संजीव कुशवाहा, शरद कुशवाहा, डॉ राहुल चौधरी, अंकित भारद्वाज आदि मोजूद रहे।