आठ घंटे तक ठप रहीं कानपुर रूट की रेल सेवाएं
- फोटो : Rupesh
एक बार फिर रविवार को अलीगढ़ सेक्शन में इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग के चलते सवा आठ घंटे का मेगा ब्लाक लिया गया। जिसमें तकरीबन 16 ट्रेनें अलीगढ़ नहीं आईं। इन ट्रेनों का संचालन दूसरे रूटों से हुआ। अधिकांश मुसाफिर ट्रेनें नहीं चलने के कारण वापस लौट गए।
इस दौरान तकरीबन 100 रिजर्वेशन टिकट रद हुए। कैंटीन संचालकों ने भी 35 फीसदी खाना कम बनाया। अलीगढ़ सेक्शन बंद होने से प्रभावित हुई ट्रेनों का संचालन दिल्ली-पलवल-आगरा कैंट से टूंडला और गाजियाबाद-मुरादाबाद-लखनऊ के रूट से हुआ।
अलीगढ़ से पलवल जाने वाली ईएमयू ट्रेन का संचालन महरावल रेलवे स्टेशन से हुआ। पूछताछ पर ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए मुसाफिरों की भीड़ लगी रही। शाम करीब पौने सात बजे पहली मालगाड़ी डाउन ट्रैक पर निकली, इसके बाद संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को गुजारा गया।
देर शाम के बाद संचालन सामान्य कर दिया गया।
रेलवे अफसरों ने बताया कि रविवार का काम पूरा होने के बाद अब प्लेटफार्म नंबर दो का डाउन मेन रेलवे ट्रैक डाउन लूप का ट्रैक कर दिया गया है।जिससे अलीगढ़ में ठहरने वाली ट्रेनों को कानपुर की ओर जाते वक्त यहां पर सुविधाजनक तरीके से रोका जा सके।
जिन ट्रेनों का स्टाप यहां नहीं है वह तीन नंबर के ट्रैक से गुजरेंगी।