कानपुर दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव डाउन रूट पर भी कराने के लिए स्थानीय रेल अधिकारियों ने उत्तर मध्य रेलवे के इलाहाबाद मंडल को प्रस्ताव भेजा है। मंडल इस प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड भेजेगा, जहां से ट्रेन के ठहराव पर फैसला होगा। डाउन रूट पर कानपुर जाने के लिए अगर इस ट्रेन का ठहराव हो तो स्थानीय लोगों को इसका बड़ा फायदा मिलेगा। फिलहाल ये ट्रेन अप रूट पर दिल्ली जाने के लिए सुबह सवा नौ बजे कानपुर से अलीगढ़ पहुंचती है।
रिजर्वेशन प्रभारी ने बताया कि अप रूट पर दिल्ली जाने के लिए ये ट्रेन कानपुर से अलीगढ़ आती है और यहां पर दो मिनट रुक कर दिल्ली चली जाती है। इस ठहराव से हर महीने औसतन सवा तीन लाख रुपये की कमाई होती है। प्रभारी ने बताया कि ट्रेन का ठहराव छह महीने पहले जुलाई 2017 में शुरू हुआ था। छह महीने सात जनवरी को पूरे हो रहे हैं। ये ठहराव स्थायी करने के लिए प्रस्ताव दिया गया है।
नियमानुसार किसी भी ट्रेन का किसी भी स्टेशन पर ठहराव प्राथमिक स्तर पर छह महीने के लिए होता है, इस दौरान उससे होने वाली कमाई, यात्रियों की संख्या को आधार मान कर ठहराव स्थायी किया जाता है। शताब्दी में भी इस प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। ट्रेन को जल्द ही स्थायी ठहराव मिल जाएगा। सांसद सतीश गौतम ने कानपुर जाने वाली शताब्दी का ठहराव कराने के लिए प्रयास शुरू कर दिये हैं। डाउन रूट पर कानपुर जाने के लिए ये ट्रेन शाम सवा पांच बजे अलीगढ़ से नानस्टाप गुजरती है। अगर कानपुर जाने के लिए ठहराव मिले तो कमाई सात लाख रुपये महीने और बढ़ जाएगी और सैकड़ों मुसाफिरों को भी लाभ मिलेगा। उनको कानपुर जाने के लिए नया विकल्प मिलेगा। इसीलिए प्रस्ताव भेजा गया है।
महाबोधि, गोमती और लिच्छवी रद्द, बाकी 10-10 घंटे लेट
लेटलतीफी को कुछ हद तक दुरुस्त करने के लिए रेल प्रशासन ने महाबोधि एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया। गोमती एक्सप्रेस पहले से ही रद्द चल रही है। तीन ट्रेनों के रद्द होने से मंगलवार को भी मुसाफिर परेशान रहे। इधर, कई ट्रेनें घंटों की देरी से चलने के कारण भी यात्री परेशान रहे। दिल्ली जाने वाली नार्थईस्ट एक्स 6 घंटे, कालका एक्स 6 घंटे, मुरी एक्स 5 घंटे, सीमांचल एक्स 3 घंटे, नंदन कानन पुरी एक्स 5 घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल 19 घंटे, मगध एक्स 13 घंटे, स्वतंत्रता सेनानी एक्स 9 घंटे, सांतरागाछी एक्स 8 घंटे, कानपुर दिल्ली शताब्दी 2 घंटे, पूर्वा एक्स 8 घंटे, वैशाली एक्स 5 घंटे, महानंदा एक्स 7 घंटे, कैफियात एक्स 7 घंटे, गरीबरथ एक्स 4 घंटे की देरी से अलीगढ़ पहुंची। डाउन रूट पर सांतरागाछी एक्स 6 घंटे, आम्रपाली एक्स 2 घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल 12 घंटे, दादर बरेली 3 घंटे की देरी से पहुंची।