उत्तर प्रदेश और एनसीआर के बीच रेल संपर्क को और बेहतर करने के लिए ट्रेन नंबर 14153/14154 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस का संचालन शुरू कर दिया गया है। सोमवार को इसका उद्घाटन रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया। कानपुर से दोपहर साढ़े तीन बजे चलकर यह ट्रेन अलीगढ़ शाम को अलीगढ़ पहुंची।
उद्घाटन के दिन इसको ट्रेन नंबर 04195 से संचालित किया गया। अलीगढ़ में कुछ देर ठहरने के बाद ट्रेन आनंद विहार के लिए रवाना हो गई। इसमें 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। यह ट्रेन फफूंद (औरैया), इटावा, टूंडला, फिरोजाबाद, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी।
ट्रेनों और बसों में रही भीड़
दिवाली और छठ मनाने के बाद अब कामगारों का दिल्ली-एनसीआर जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। हजारों कामगार और श्रमिक लगातार ट्रेनों और बसों से दिल्ली एनसीआर जा रहे हैं। जिससे अधिकांश ट्रेनों और बसों में भीड़ हो रही है।
रेलवे प्रशासन ने इस भीड़ को बेहतर सेवाएं देने के लिए 12 अतिरिक्त त्योहार स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है, लेकिन यह भी भीड़ के आगे कम पड़ गईं हैं। बसों के अतिरिक्त फेरे भी भीड़ के आगे कम पड़ गए हैं। मंगलवार से भीड़ और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।