बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश की सियासत के सबसे बड़े परिवारों में से एक कल्याण परिवार में जल्द ही शहनाइयां बजने वाली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के पौत्र और उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह की सगाई की तारीख तय हो गई है। पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संदीप सिंह की सगाई 14 नवंबर को ताला नगरी स्थित मैदान में होगी।
खास बात यह है कि उनके साथ ही उनके छोटे भाई अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ सिंह वर्मा की भी सगाई होगी। दोनों भाइयों की सगाई को लेकर परिवार में उत्साह है। पिता पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद राजवीर सिंह और मां पूर्व विधायक प्रेमलता वर्मा तैयारियों में जुट गए हैं।
अलीगढ़ स्थित राज पैलेस में रंगाई-पुताई, मरम्मत और अन्य सामान की खरीदारी जोरों पर चल रही है। शादी के दो तीन दिन बाद लखनऊ में भव्य रिसेप्शन कार्यक्रम होगा। रिसेप्शन का एक कार्यक्रम दिल्ली में भी आयोजित होने की चर्चा है। कल्याण सिंह की पत्नी रामवती देवी भी अपने दोनों नातियों को दूल्हा बनते देखने की ख्वाहिश को लेकर बेहद खुश हैं।
बताया जा रहा है कि वीआईपी मेहमानों को फोन पर निमंत्रण दिया जा रहा है। 14 नवंबर को अतरौली-अलीगढ़ में वीआईपी का जमावड़ा तो रहेगा ही, साथ ही क्षेत्रीय जनता के लिए भी बड़े भोज की उम्मीद जताई जा रही है।
27 नवंबर को दिल्ली के फाइव स्टार होटल में शादी
सूत्रों के अनुसार दोनों भाइयों की शादी 27 नवंबर को दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में प्रस्तावित है, हालांकि तारीख में एक दिन आगे-पीछे हो सकता है। शादी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा के कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।