तहसीलदार के सात खड़ी कल्याण सिंह से पुरस्कार प्राप्त करने वालीं रामवती देवी।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने अलीगढ़ जिले के काजिमाबाद गांव के प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील बनाने के साथ ही पढ़ाई करने वाली रसोइया रामवती (56) को प्रोत्साहन पत्र और 51 हजार रुपये भेजे हैं।
आर्थिक तंगी के कारण कभी स्कूल का मुंह न देख पाने वाली रामवती मिड-डे मील बनाने के साथ ही बच्चों के साथ कक्षा में बैठकर पढ़ाई भी करती हैं।
कल्याण सिंह ने कहा है कि रामवती का पढ़ने के प्रति जुनून और प्रयास प्रशंसनीय है। विपरीत परिस्थितियों में जीवनयापन करने वाली रामवती का यह प्रयास निरक्षरता का दंश झेल रहे तमाम प्रौढ़ स्त्री-पुरुषों के लिए गंगोत्री सिद्ध होगा।
24 दिसंबर को उसके इस सराहनीय कार्य के लिए राज्यपाल ने पत्र भी भेजा है। जिसमें लिखा है... ‘56 वर्ष की आयु में आपने निरक्षरता का दंश मिटाकर स्वयं को शिक्षित कर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस संकल्प के लिए बधाई और 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन धनराशि साक्षरता के लिए समर्पित आपके सत्कार्य के लिए प्रेषित कर रहा हूं। आप अपने पठन-पाठन के इस कर्म को निरंतर जारी रखें।’
रामवती के इस प्रयास से राज्यपाल बेहद प्रसन्न हुए हैं। राज्यपाल के पत्र के साथ 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि रामवती को राजस्थान के राजभवन से भेजी गई है।