फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेकाबू ट्रक ने रौंदी पुलिस की जीप, सिपाही की मौत

Wed, 22 Mar 2017 01:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूूराे
विज्ञापन
पुलिस कर्मी खजान सिंह की मौत की सूचना पर मलखान सिंह में विलाप करती पत्नी। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
महानगर के गांधीपार्क थाने की जीप मंगलवार तड़के हाईवे बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दी। इस एक्सीडेंट में जीप के चालक सिपाही खजान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नाइट अफसर दरोगा उम्मेद सिंह, हमराही सिपाही श्यामवीर सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक जीप को हाईवे पर दो सौ मीटर तक घसीटता ले गया और जीप के पिछले टायर में आग तक लग गई। जीप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस खबर पर आनन-फानन एसएसपी सहित आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जबकि सिपाही का शव शोक सलामी के बाद उसके गांव भेज दिया गया।
विज्ञापन


गांधीपार्क थाने की मुख्य जीप पर रात को नाइट अफसर के रूप में प्रोन्नत दरोगा उम्मेद सिंह के अलावा हमराह सिपाही श्यामवीर, होमगार्ड रामबाबू व चालक सिपाही खजान सिंह तैनात थे। तड़के करीब सवा पांच बजे जीप हाईवे बाईपास पर मडराक बॉर्डर से गश्त करती हुई बौनेर की ओर आ रही थी, तभी अली नगर पुलिया पर होमागर्ड ने लघुशंका के लिए गाड़ी रुकवाकर साइड में खड़ी करा ली। इस बीच गार्ड तो उतर गया, जबकि रात भर गाड़ी चलाकर थका सिपाही खजान सिंह ड्राइवर सीट छोड़कर पिछली सीट पर जाकर लेट गया। दरोगा अपनी सीट पर ही बैठे रहे।

इसी बीच दिल्ली की ओर से अनियंत्रित गति से आता ट्रक जीप में टक्कर मारकर उसे रौंदता हुआ 200 मीटर तक ले गया। जीप में सवार दरोगा व दोनों सिपाही खुद को संभाल नहीं सके। बमुश्किल ट्रक रुका और फिर पुलिस जीप देखकर चालक ट्रक को अकराबाद की ओर भगा ले गया। इधर, इस एक्सीडेंट में खजान सिंह की मौत हो गई, जबकि बाकी दोनों घायल हो गए।
विज्ञापन


इसी बीच किसी राहगीर की खबर पर पास की डायल-100 पीआरवी मौके पर पहुंची और उसकी सूचना पर एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव, सीओ अमित कुमार, इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र दुबे आदि पहुंच गए। आनन-फानन सभी को नर्सिंग होम भेजा गया, जहां खजान सिंह (31) पुत्र तोताराम निवासी पुलिस क्वार्टर सुरक्षा विहार बन्नादेवी मूल निवासी परानपुर जसराना फिरोजाबाद को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर रोते बिलखते परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सीओ द्वितीय एएसपी अमित कुमार के अनुसार फिलहाल अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाकी घायलों का नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। मृत परिवार के प्रति महकमा हर स्तर पर खड़ा है।

नौ भाई-बहनों में इकलौता सरकारी नौकर था खजान
खजान सिंह किसान परिवार से ताल्लुक रखता था। वह नौ भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। घर में इकलौता सिपाही 2005 में भर्ती हुआ था। सिपाही बनने के बाद हाथरस में तैनात उसके पुलिसकर्मी ससुर रमेश चंद्र की बेटी गार्गी से शादी हुई। खजान सिंह व गार्गी दंपति पर 5 साल का बेटा शुभ व 3 साल की बेटी एली हैं। खजान सिंह पत्नी व बच्चों के साथ यहां सरकारी आवास में रहता था। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें