सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के मुरसान रोड स्थित प्रकाश नगर में शनिवार शाम एक मकान से चोर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए। इस मामले में रात को कोतवाली में तहरीर दी गई है।
प्रकाश नगर निवासी राजकुमारी ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि शाम पांच बजे वह आटा पिसाने गई थीं, उस वक्त घर पर उसकी दो बेटियां थीं, जो घर के बाहर बैठी थीं। करीब आधा घंटा बाद जब बेटियां घर के अंदर गईं तो सामान बिखरा पड़ा था। दोनों बेटियां चीखती-चिल्लातीं बाहर आ गईं। जब वह घर पर पहुंची तो अंदर संदूक का ताला टूटा पड़ा था। उन्होंने सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि चोर घर से एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी झाले, एक जंजीर, एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी, दो जोड़ी कुंडल, तीन जोड़ी बाली सहित करीब सात तोले सोने के आभूषण, लगभग 600 ग्राम चांदी की काैंधनी और पायल सहित अन्य सामान ले गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।