फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज होगा जयवीर के भाजपा में आने का एलान

Mon, 31 Jul 2017 01:12 AM IST
अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
पूर्व मंत्री जयवीर सिंह के कार्यालय पर चर्चा करते कार्यकर्ता। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
प्रदेश में बसपा के कद्दावर नेता एवं पूर्व कबीना मंत्री ठा. जयवीर सिंह भाजपा में बिना शर्त शामिल होंगे। उनकी तरफ से अभी तक किसी तरह की कोई मांग नहीं की गई है। एमएलसी पद से त्याग पत्र देने वाले जयवीर सिंह को लेकर फिलहाल कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह राज्यसभा के सदस्य बनाए जा सकते हैं या भाजपा संगठन में किसी अन्य प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण पद पर आ सकते हैं, लेकिन ठा. जयवीर सिंह के खेमे के खासमखास विश्वस्त सूत्रों की मानें तो फिलहाल वह भाजपा में एक कार्यकर्ता के रूप में काम शुरू करेंगे। इसके बाद पार्टी जो भी जिम्मेदारी उनको सौंपेगी वह उसका निर्वहन करेंगे। 
विज्ञापन


बताया गया कि सोमवार दोपहर भाजपा के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के सामने ही ठा. जयवीर सिंह के भाजपा में शामिल होने का औपचारिक एलान होगा। इस मौके पर उनकी पत्नी एवं अलीगढ़ की पूर्व सांसद राज कुमारी चौहान, उनके भतीजे एवं वर्तमान में अलीगढ़ के जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू और जिला सहकारी बैंक अलीगढ़ के डायरेक्टर उपेंद्र भान पचौरी भी भाजपा में शामिल होंगे। पहले सभी को भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी। इसके बाद आगे की रणनीति पर विचार होगा।  
गौर हो कि इस पूरे सियासी घटनाक्रम में ठा. जयवीर सिंह को पूर्व सीएम एवं राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह का भरपूर आशीर्वाद मिला है। जयवीर सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भी कल्याण सिंह के सानिध्य में की थी। उनका पूरा साथ निभाया एटा सांसद राजवीर सिंह ‘राजू’ ने। जो उनके सबसे पुराने और खास दोस्तों में से एक हैं। इनके साथ ही मथुरा से चौ. लक्ष्मी नारायण, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल, स्वामी प्रसाद मौर्य और दयाशंकर सिंह की भी खास भूमिका रही। 
विज्ञापन


जयवीर के आफिस से उतर गया भगवा झंडा
शनिवार को ठा.जयवीर सिंह के बन्ना देवी कार्यालय में भगवा झंडा फहराया गया था। जिसमें पीएम मोदी की तस्वीर थी, लेकिन रविवार को उसको उतार दिया गया। रविवार को उनके आवास प्रिंस पैलेस किशोर नगर में सन्नाटा था। वहां केवल सिक्योरिटी के ही लोग थे, लेकिन कार्यालय में कुछ लोग मौजूद थे, जिनके बीच कई तरह की चर्चाएं हो रहीं थीं। यहां पर शशिपाल सिंह, भजनलाल कश्यप, सत्यवीर सिंह चौहान, थान सिंह बघेल, महराज सिंह कश्यप, गोपाल पंडित, भल्लू ठाकुर, दीपू चौहान सहित अन्य लोगों को बेसब्री से एलान का इंतजार है कि कब ठा.जयवीर सिंह के भाजपा में जाने का एलान हो..? और कब वह एक दूसरे का मुंह मीठा कराएं..? ये सभी लोग यही कह रहे थे कि जहां जयवीर सिंह, वहीं पर वो लोग रहेंगे।  

बसपा में लोकसभा सीट की दावेदारी शुरू 
ठा.जयवीर सिंह के एमएलसी पद छोड़ने के बाद अब बसपा में लोकसभा प्रत्याशी को लेकर मंथन का दौर शुरू हो गया है। पिछले तीन लोकसभा चुनाव से जयवीर सिंह, उनकी पत्नी या उनका बेटा बसपा के प्रत्याशी रहे हैं। अबकी बार बसपा में नया प्रत्याशी सामने आएगा। कुछ पुराने नेता भी दावेदारी के मूड में हैं। वहीं बरौली विधानसभा में बसपा का झंडा उठाने वालों ने भी वहां पर सक्रियता बढ़ाई है। लगातार बरौली विधानसभा से चुनाव लड़ने वाले ठा. जयवीर सिंह के जाने के बाद अब वहां भी एक दमदार प्रत्याशी की खोज शुरू हो रही है। 
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें