मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को सकल जैन समाज द्वारा आगरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह के नागरिक अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में मुलायम सिंह को शिरकत करनी थी। अंतिम समय में कार्यक्रम में बदलाव के कारण इसमें भाग लेने अखिलेश यादव पहुंचे। इस मौके पर उन्हाेंने कहा कि मुलायम सिंह यादव की सरकार ने जैन समुदाय को अल्पसंख्यक समुदाय का दर्जा दिया था। इस दौरान उन्हाेंने अपनी सरकार की अल्पसंख्यकों के प्रति उपलब्धियां भी गिनाईं। इससे पूर्व डीपीएस के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम के बीच उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने आते ही प्रख्यात गीतकार मंगलायतन विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पद्मभूषण गोपाल दास नीरज के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्हाेंने कहा कि राजनीति का रास्ता गांव से होकर निकलता है। नेताजी ने इन रास्तों पर संघर्ष कर मुकाम हासिल किया है। अपने 13 मिनट के संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में प्राइवेट यूनिवर्सिटीज की शुरुआत सबसे पहले नेताजी (मुलायम सिंह) ने की। एमिटी यूनिवर्सिटी की शुरुआत कराई गई।
तीर्थधाम मंगलायतन व दिल्ली पब्लिक स्कूल के संरक्षक पवन जैन ने मुलायम सिंह यादव का परोक्ष रूप से अभिवादन करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव ने समाजवाद को सही व सटीक ढंग से परिभाषित किया है जिससे कि सभी नेताजी की विचारधारा के कायल हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी मुलायम सिंह ने सदैव तत्परता दिखाई है। उन्हाेंने अखिलेश यादव का कार्यक्रम में भाग लेने पर आभार व्यक्त किया। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस सम्मान समारोह में देश-विदेश के हजारों प्रतिष्ठित जैन विद्वान, उद्योगपति व अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रमुखों ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें शहर, राज्य की प्रसिद्ध व लोकप्रिय वस्तुएं भी भेंट की गईं।