सासनी गेट स्थित झम्मनलाल कंपाउंड में दो फर्मों से 2.50 करोड़ की आईटीसी बोगस फर्मों से खरीद दिखाकर हड़पने का मामला सामने आया है। वाणिज्य कर की एसबाईबी रेंज ए की टीम ने जब छापा मारकर जांच की तो यह खुलासा हुआ। टीम ने मौके से 30 लाख का ऐसा माल भी सीज किया है, जिसके दस्तावेज नहीं मिले।
पिछले दिनों ओम ट्रेडर्स के यहां जांच में इन दोनों फर्मों के नाम सामने आए थे। इसी क्रम में वाणिज्य कर विभाग के डीसी एसआईबी आरपीएस कौंतेय की टीम ने बृहस्पतिवार शाम झम्मन लाल कंपाउंड पर दो मेटल कंपनियों पर छापा मारा। यहां जांच में रामांस इंटरप्राइजेज व राधे सेल्स पर बोगस फर्मों से खरीद दिखाकर ढाई करोड़ रुपए की आईटीसी लेना पाया गया। यह दोनों फर्में सास बहू के नाम से चल रही हैं। इनमें से एक फर्म पर ताले की चाभी व ब्रास से संबंधित उत्पाद का निर्माण होता मिला। टीम ने दस्तावेज सीज कर 30 लाख का माल भी जब्त किया है। डीसी आरपीएस कौंतेय के अनुसार पूर्व की जांच में इन फर्मों के नाम सामने आए थे। इसी आधार पर यहां आईटीसी का गबन पाया गया है। 30 लाख रुपये का माल मौके पर सीज किया गया।