गत वर्ष सितंबर में आगरा और कानपुर की आयकर विभाग की टीमों के द्वारा की गई छापामार कार्रवाई के दौरान टीम पर हमला बोलने के आरोपी छह सराफा कारोबारियों को अदालत ने जमानत दे दी है।
सितंबर महीने में आयकर विभाग की टीम ने रेलवे रोड स्थित राठी ज्वैलर्स और दिनेश ज्वैलर्स के यहां छापामार कार्रवाई की थी। साथ ही फर्श बाजार में एसबी ज्वैलर्स के यहां छापा मारा। इसी दैरान टीम के अधिकारियों पर भीड़ ने हमला बोल दिया था। इस प्रकरण में कोतवाली में सराफा कारोबारी सुरेश चंद्र वर्मा सहित 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ डकैती सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। करीब एक महीना बीतने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बीते दिनों आरोपी की जमानत याचिका अदालत से मंजूर हो गई। सोमवार को छह अन्य आरोपियों को अदालत से जमानत मिली। इनमें बेगमबाग निवासी वेद प्रकाश वार्ष्णेय, तमोली पाड़ा निवासी स्वर्णकार समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार, शाहपाड़ा निवासी प्रवेंद्र उर्फ गुड्डू, घंटरचौक निवासी सर्वेश सिंह डब्बू, बराई निवासी प्रमोद कुमार और महामंत्री अखिलेश कुमार शामिल हैं। अदालत ने इन्हें 50-50 हजार रुपये मुचलके पर हिरा कर दिया है।