अतरौली की बसपा प्रत्याशी संगीता चौधरी का टिकट कटने के पीछे एक और कारण चर्चा में है। ये कारण पार्टी सुप्रीमो मायावती की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। बताते हैं कि लखनऊ में जब संगीता बसपा सुप्रीमो से मिलने गई थीं तो उनके बेटे के पास तलाशी में नेल कटर मिला था। जिसको मायावती के सुरक्षा स्टाफ ने बेहद आपत्तिजनक माना था। खुद मायावती भी इस घटनाक्रम से खासी नाराज हुई थीं।
बीती 6 जनवरी को संगीता चौधरी बसपा सुप्रीमो से मिलने लखनऊ र्गइं थीं। उनके साथ दोनों बेटे भी गए थे। संगीता ने मायावती से अनुरोध किया कि उनके बच्चों को भी आशीर्वाद दे दें। अनुमति मिलने के बाद बेटों को भी अंदर आने का निर्देश दिया गया।
बता दें कि कड़ी सुरक्षा से लैस बसपा सुप्रीमो से मिलने से पहले चार जगह सघन सुरक्षा जांच होती है, पेन तक ले जाना मना है। इसी दौरान सुरक्षा जांच में छोटे बेटे के पास नेल कटर बरामद हुआ, जिसे देख कर सुरक्षा कर्मियों के होश फाख्ता हो गए। जब मायावती को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने संगीता चौधरी के साथ पूरे सिक्योरिटी स्टाफ को आड़े हाथों लिया। इसके बाद जब संगीता ने पांव छूते हुए फोटो सोशल साइट पर वायरल हुआ तो बसपा प्रमुख का पारा और चढ़ गया और टिकट कट गया।
कब क्या हुआ..?29 नवंबर 2014 में धर्मेंद्र चौधरी अतरौली सीट से बसपा प्रत्याशी बने10 जनवरी 2015 को धर्मेंद्र चौधरी की गोलियों से भून कर नृशंस हत्या12 जुलाई 2015 को संगीता चौधरी को बसपा ने अतरौली प्रत्याशी बनाया06 जनवरी 2016 को संगीता द्वारा मायावती के पांव छूने का फोटो वायरल10 जनवरी 2016 को अनुशासनहीनता में संगीता चौधरी का टिकट काटा
बहन जी से बेटों को आशीर्वाद दिलाने ले गई थी। सुरक्षा जांच में छोटे बेटे की जेब से नेल कटर मिला था, जिसमें एक छोटा चाकू लगा था। मैंने खुद ही बेटे की जेब से नेल कटर निकाल कर सुरक्षा कर्मियों को साैंप दिया था। मेरे दो बेटे और एक बेटी है। बड़ा बेटा सातवीं और छोटा चौथी कक्षा में है, बेटी उस वक्त हास्टल में थी इसलिए उसे नहीं ले जा सकी थी। मेरी या बेटाें की मंशा केवल बहन जी का आशीर्वाद लेना था और कुछ नहीं। हमें उनसे इंसाफ की पूरी उम्मीद है। बहन जी एक महिला हैं और महिला का दर्द समझती हैं। - संगीता चौधरी, अतरौली से बसपा की पूर्व प्रत्याशी
बहन मायावती के साथ खिंचवाई गई फोटो को सोशल मीडिया में वायरल करने पर ही संगीता चौधरी का टिकट काटा गया है। बसपा सुप्रीमो से मुलाकात के दौरान किसी ‘प्रतिबंधित चीज’ का संगीता चौधरी के बेटे के पास से मिलने की बात सुनी गई थी, लेकिन आधिकारिक रूप से इसकी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। -अरविंद आदित्य, बसपा जिलाध्यक्ष