डाक अधिक्षक डाक वस्तु भंडार प्रपत्र एवं मुद्रा अलीगढ़
- फोटो : संवाद
पूरे देश के 1.65 लाख डाकघरों के लिए मुहरों की आपूर्ति करने वाली एकमात्र संस्था, अलीगढ़ की पोस्टल सील्स इंडस्ट्रियल को-ऑपरेटिव सोसायटी में लोहे के वितरण में बड़ी अनियमितता सामने आया है। मुहरों पर नंबर अंकित करने के लिए आए 12,000 किलो लोहे के असमान वितरण की शिकायत सोसायटी के सचिव व सदस्यों ने उपायुक्त उद्योग से की है।
नियमानुसार मुहरों पर नंबर अंकित करने वाले तीन सदस्यों को लोहा बराबर-बराबर आवंटित किया जाना था। लेकिन सोसायटी में एक सदस्य को 11,500 किलो लोहा आवंटित किया गया, जबकि बाकी दो सदस्यों को क्रमशः सिर्फ 350 और 150 किलो लोहा मिला। शिकायत के बाद उपायुक्त ने इसकी रिपोर्ट सचिव से मांगी थी। तीन सितंबर को भेजी गई रिपोर्ट में वितरण में अनियमितता की बात कही गई है।
1953 से पोस्टल सील्स इंडस्ट्रियल कोऑपरेटिव सोसायटी डाक विभाग को पूरे देश के डाकघरों के लिए मुहरों की आपूर्ति कर रही है। सोसायटी के सचिव गोपाल शर्मा कहते हैं कि गाजियाबाद से लोहा आता है। समिति एक ठेकेदार की तरह काम करती है और डाक विभाग को आपूर्ति करती है।
इस मामले में हम विधिक राय ले रहे हैं। इसके साथ ही 19 सितंबर को सोसायटी ने आम सभा की बैठक बुलाई है। जिन लोगों ने सोसाइटी के पदों से इस्तीफा दिया है, उन्होंने बताया कि दो साल पहले भी इसी प्रकार की अनियमितता की गई थी। अगर विवाद नहीं सुलझा तो बोर्ड भी भंग हो सकता है। - वीरेंद्र कुमार, महाप्रबंधक, उद्योग विभाग।