फैक्टरी के सील होने के बाद घटना स्थल पर मौजूद व्यापारी।
- फोटो : amar ujala
विकास प्राधिकरण की टीम ने शनिवार को शक्तिनगर गूलर रोड में भारी हंगामे के बीच एक आयरन स्क्रैप काटकर डोर लॉक बनाने वाली फैक्टरी को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान फैक्टरी स्वामी के बुलावे पर आये व्यापार संगठन के पदाधिकारियों ने जमकर हंगामा मचाया। यहां तक कि प्राधिकरण द्वारा लगाई गई सील भी तोड़ डाली। बाद में अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाकर सील को दोबारा लगवाया गया।
शक्ति नगर गूलर रोड पर प्रमोद कुमार अग्रवाल की मैसर्स आशा इंडिया नाम से फैक्टरी है। यहां आयरन स्क्रैप एवं शीट को काटकर मशीन प्रक्रिया से डोर लॉक बनाने का काम होता है। ढाई बीघा एरिया में वर्षों से चल रही इस फैक्टरी का न तो नक्शा पास है और न ही इसका लैंड यूज चेंज कराया गया है। बताते हैं कि फैक्टरी का आवासीय नक्शा पास है और उसका कामर्शियल उपयोग हो रहा था। फैक्टरी से निकल रहे प्रदूषण से आसपास का वातावरण को दूषित हो रहा है। पिछले दिनों प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने इस मामले में फैक्टरी स्वामी को नोटिस जारी किया था। इन सभी अनियमितताओं के चलते विकास प्राधिकरण ने पहले फैक्टरी स्वामी को नोटिस दिया और उसके बाद सीलिंग के आदेश हो गए।
शनिवार को प्राधिकरण की टीम ओएसडी आलोक गुप्ता के नेतृत्व में सीलिंग की कार्रवाई के लिए पहुंची तो फैक्टरी स्वामी ने जमकर विरोध किया। इनके न मानने पर व्यापार संगठन के पदाधिकारियों को बुला लिया। संगठन के पदाधिकारियों के आते ही हंगामा शुरू हो गया। आक्रोशित व्यापारियों ने प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बीच प्राधिकरण की टीम ने फैक्टरी में सील लगा दी। इससे गुस्साए कुछ व्यापारियों ने सील तोड़ने की कोशिश की तो प्राधिकरण अफसर भी तैश में आ गए उन्होंने तत्काल अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाकर दोबारा से सील लगा दी। व्यापारियों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया गया।
शक्ति नगर गूलर रोड में संचालित मैसर्स आशा इंडिया फैक्टरी अवैध रूप से चल रही थी। इसका आवासीय नक्शा पास था जबकि इसका व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा था। इस फैक्टरी को सील कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने हंगामा मचाते हुए बाधा डालने की कोशिश की। अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाकर इस कोशिश को नाकाम कर दिया गया।
-आलोक गुप्ता, ओएसडी एडीए।