उभरते क्रिकेटर रिंकू सिंह के लिए आईपीएल से कॉल आई है। वह इंडियन प्रीमियर लीग के लिए मुंबई इंडियंस का बडोदरा में कैंप लगने जा रहा है, रिंकू कैंप में भाग लेंगे। मुंबई इंडियन्स की ओर से रविवार की शाम को उनको फोन पर आईपीएल के कैंप के लिए सूचना दी गई।
यूपी के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में खेल रहे रिंकू सिंह ने अमर उजाला को बताया कि टीम इंडिया के लिए खेलने वाले सुरेश रैना, भुवनेश्वर कुमार और प्रवीन कुमार के साथ खेलने का मौका मिला तो ऐसा लगा मानो एक आकाश मिल गया।
विजय हजारे ट्रॉफी में इनसे बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। ट्रॉफी के नाक आउट मुकाबले शुरू हो गए हैं। यूपी और तमिलनाडु के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल में खेलने के लिए रिंकू मंगलवार को बेंगलूर के लिए रवाना हो रहे हैं।
इस ट्रॉफी में कुल पांच मैचों में से तीन मैचों में नॉट आउट रहने के कारण उनको आईपीएल कैंप के लिए मौका मिला है। रिंकू सिंह ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ नाटआउट 62 और गोवा के खिलाफ नाट आउट 51 रन बनाए।
पश्चिमी बंगाल के खिलाफ भी उन्होंने 30 रन की नाबाद पारी खेली।