पत्रकारों से वार्ता करते अलीगढ़ ताला नगरी औद्योगिक एसोसिएशन के पदाधिकारी।
- फोटो : Amar Ujala
अलीगढ़ तालानगरी औद्योगिक एसोसिएशन के चेयरमैन चंद्रशेखर शर्मा ने कहा है कि यूपीएसआईडीसी के कुछ अफसर और बाबू प्लाट आवंटन में 500 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से अवैध वसूली कर रहे हैं।
यूपीएसआईडीसी के प्लान में एक हजार वर्गमीटर जगह स्कूल के लिए छोड़ी गई है। उसमें अब तक स्कूल नहीं बना, लेकिन निजी स्कूलों के लिए पांच बड़े प्लाट आवंटित कर दिए हैं। शादीघर, लॉज और दूसरे अयोग्य लोगों को प्लाट आवंटन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सीएम योगी आदित्यनाथ को पूरा विवरण भेज कर जांच कराने की मांग की गई है। उनके ईमेल और व्हाटस एप पर इसको भेजा दिया गया है। मैरिस रोड स्थित एक होटल में हुई पत्रकार वार्ता में उद्यमियों ने कहा कि 26 साल बाद भी तालानगरी औद्योगिक अस्थान में ईएसआई, अस्पताल, बस स्टॉप, सिटी बस सेवा शुरू नहीं हुई है। डिवाइडर काम ठेकेदार की मनमर्जी से चल रहा है। आठ महीने से सड़कें बन रही हैं, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं किया गया है। कोई भी शिकायत करने पर कभी संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है। इस मौके पर विवेक जैन, विजेंद्र कपूर, अशोक राणा मौजूद रहे।
चंद्रशेखर सबसे बड़े डिफाल्टर : स्मिता सिंह
यूपीएसआईडीसी की आरएम स्मिता सिंह ने कहा है कि चंद्रशेखर शर्मा वर्तमान में यूपीआईएसआईडीसी के सबसे बड़े डिफाल्टर हैं। उन्होंने सभी प्लाटों पर मनमाने ढंग से नियमों से खिलवाड़ किया है। उनके नाम से दस प्लाट आवंटित हुए हैं और उन्होंने रेजीडेंशियल, इंडस्ट्रियल और कामर्शियल किसी भी शर्त को पूरा नहीं किया है। अब शासन से ऐसे मामलाें में तत्काल सख्त कार्रवाई करने का निर्देश मिला है। ये कार्रवाई होने वाली है इसलिए बौखलाहट में वह यूपीएसआईडीसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। बोलीं.. वर्ष 2016 से अलीगढ़ के आरएम का कार्यभार संभालने के बाद से उन्होंने अब तक कोई भी आवंटन बिना विज्ञापन के नहीं किया है। सभी शर्तों का पालन किया जा रहा है। प्लाट पर मनमाने ढंग से निर्माण करने, सेट बैक एरिया पर टीनशेड डालने, इंडस्ट्रियल प्लाट में आवास बनाने सहित अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर चंद्रशेखर शर्मा और ऐसे अन्य कारोबारियों के खिलाफ विभागीय बेहद सख्त कार्रवाई होगी। किसी के भी अनर्गल आरोपों से कार्यवाही प्रभावित नहीं हो सकती है।