उन्होंने बताया कि संयुक्त टीम ने अमोनिया रिसाव के कारणों व प्रभावित क्षेत्र की गहनता से जांच की। उन्होंने बताया कि अधिकारियों की टीम ने सभी टेक्निकल प्वाइंट की जांच की है। इस जांच के बाद अमोनिया रिसाव से हुए हादसे की सच्चाई सामने आएगी। वहीं अस्पताल में भर्ती सात मजदूरों में से चार को घर भेज दिया गया गया है जबकि तीन अस्पताल में अभी भर्ती हैं।
फैक्टरी में अमोनिया रिसाव के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व वाली पांच सदस्यीय टीम से मजिस्ट्रीयल जांच कराई जा रही है। इसमें जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर संबंधित पर कार्रवाई तय की जाएगी। शहर में संचालित अन्य मीट फैक्टरियों की भी जांच कराई जाएगी ताकि वहां अमोनिया रिसाव जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।- विशाख जी. डीएम, अलीगढ़
मीट फैक्टरियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग
भाजपा किसान मोर्चा नेता ठा. राकेश कुमार सिंह ने अमरपुर कोंडला के आसपास चल रहीं मीट फैक्टरियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि अमोनिया गैस का रिसाव बेहद गंभीर है। इस पर पुलिस-प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि इन मीट फैक्टरियों के चलते प्रदूषण फैलता है। यह फैक्टरी क्या-क्या बनाती हैं इसकी जांच होनी चाहिए। इन फैक्टरियों का कचरा जमीन के अंदर डाला जा रहा है। जिससे आस-पास के इलाकों का पानी पीने योग्य नहीं रह गया है।