बीते 21 मई की देर रात नगर पंचायत बरौली के चेयरमैन संजय सिंह की कार के आगे फायरिंग करने की जांच जारी है। पुलिस ने दो-तीन संदिग्ध लोगों से पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया है। सीओ तृतीय अभय पांडेय ने कहा है कि अभी तक बरौली चेयरमैन की कार के आगे फायरिंग होने की पुष्टि नहीं हुई है। कार पर फायरिंग के कोई निशान नहीं मिले हैं।
सीओ ने बताया कि दो-तीन संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई थी, लेकिन उन्होंने केवल इतना ही बताया कि घटना के वक्त वे उसी इलाके में थे। इससे ज्यादा उन्हें कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल मामले में जवां थाने में रिपोर्ट दर्ज है, जांच पड़ताल अभी जारी है।
बरौली चेयरमैन ने जवां थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि तेज आंधी बारिश के कारण वे 21 मई रात लगभग दस बजे अपनी कार से ऑफिस से अपने घर अलीगढ़ जा रहे थे। जैसे ही बरौली बिजली घर के निकट पहुंचे तो आगे चल रहे बुलेट बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने फायर कर दिया। फायरिंग में वे बाल-बाल बच गए। 23 मई को चेयरमैन ने बताया कि कार के आगे फायरिंग करने वाले कौन है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उनकी कोई रंजिश भी नहीं है, रिपोर्ट जवां थाने में दर्ज है।