आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोतवाली चंदपा के निकट सोमवार की दोपहर तीन बजे ब्रेकर पर एक बाइक असंतुलित हो गई। बाइक सवार दंपती और उनके दो बच्चों को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में नौ वर्षीय रिया की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और चार वर्षीय बहन पूर्वी गंभीर रूप से घायल हो गई। पूर्वी को अलीगढ़ रेफर किया गया है।
आगरा के फाउंड्री नगर क्षेत्र की विद्या निकेतन कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र अपनी पत्नी खुशबू और दो बेटी रिया (9) और पूर्वी (4) के साथ बाइक से रक्षाबंधन पर अपनी सुसराल अलीगढ़ गए थे। सोमवार को आगरा लौटते समय धर्मवीर की बाइक चंदपा कोतवाली के सामने अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिर गई। बाइक गिरते ही दंपती सड़क के एक तरफ गिरे और उनकी दोनों बेटियां सड़क के बीच में गिरीं।
इस दौरान अलीगढ़ की ओर से आते तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों मासूमों को कुचल दिया। हादसे में रिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूर्वी के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है। धर्मवीर और उनकी पत्नी खुशबू भी घायल हो गए। मौके पर पहुंचे एसआई रनवीर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बागला जिला अस्पताल पहुंचाया।
यहां से चिकित्सक ने पूर्वी को आगरा रेफर कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से भाग गया। इस मामले में धर्मेंद्र के भाई ओमकार शर्मा ने कोतवाली चंदपा में मुकदमा दर्ज करा दिया है। सीओ सादाबाद अमित पाठक का कहना है घायलों के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। वह मौके पर पहुंच गए हैं। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।