फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय: कुलपति पर फेंकी स्याही, छात्र-छात्राओं ने फूंका वीसी का पुतला, हंगामा

Fri, 12 Jul 2024 05:29 PM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

आक्रोशित छात्रों ने वीसी कार्यालय के मुख्य गेट पर लगे ताले को ईंट से तोड़ दिया और वीसी कार्यालय में पहुंच गए। कार्यालय के अंदर जमकर प्रदर्शन किया और एक-एक नंबर से फेल हुए छात्रों को पास करने  की मांग रखी।
विज्ञापन
वीसी प्रो चंद्रशेखर पर फेंकी स्याही - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ के राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) में स्नातक और परास्नातक की परीक्षाओं में एक दो अंकों से फेल विद्यार्थियों ने शुक्रवार को खूब बवाल कर दिया। मुख्य गेट का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए छात्र-छात्राएं कुलपति के ऑफिस में घुस गए और उन्हें बंधक बना लिया। कुलपति पर स्याही फेंक दी गई। मूल्यांकन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सभी विद्यार्थी छह घंटे तक कुलपति को घेरे रहे। बाद में कुलपति की कुर्सी को वहां से उठाकर सड़क पर रख दिया और जाम लगाकर बैठ गए। डेढ़ घंटे तक दोदपुर मार्ग जाम किया। बाद में विश्वविद्यालय प्रशासन के लोग इनके बीच पहुंचे और भरोसा दिलाया कि तीन दिन के भीतर परीक्षा समिति की बैठक की जाएगी और उसमें यह मुद्दा रखा जाएगा। इस पर सभी शांत हो गए।

विज्ञापन


विश्वविद्यालय से संबद्ध डीएस कॉलेज, टीकाराम कन्या महाविद्यालय, एसवी कॉलेज सहित विभिन्न महाविद्यालयों के करीब दो हजार विद्यार्थी स्नातक और परास्नातक में एक-दो अंकों से फेल हो गए हैं। पिछले कई रोज से ये छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी बात उठा रहे थे मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। शुक्रवार की सुबह 11 बजे सिविल लाइंस थाना के सामने स्थित विश्वविद्यालय के शिविर कार्यालय पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में विद्यार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया। विद्यार्थियों की भीड़ देखकर मुख्य गेट पर सुरक्षाकर्मियों ने ताला लगा दिया। इस पर विद्यार्थियों ने ईंट से ताला तोड़ दिया और कुलपति कार्यालय में घुस गए और उनके खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कुछ विद्यार्थी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

गर्मी में पांच छात्राओं की हालत बिगड़ी, अस्पताल में कराया भर्ती

हंगामा बढ़ता देख विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिजली कटवा दी। लेकिन गर्मी में भी विद्यार्थी यहां जमे रहे। इस दौरान गर्मी और उमस के कारण यहां पांच छात्राओं की हालत बिगड़ गई। दो छात्राओं को जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती तक कराना पड़ा। इससे नाराज विद्यार्थियों ने कुलपति पर स्याही फेंक दी और उन्हें कुर्सी से उठा दिया। कुलपति की नाम पटि्टका भी पलट दी। इसके बाद उनकी कुर्सी को बाहर सड़क पर लाकर रख दिया। कुर्सी पर गांधीजी की तस्वीर रखकर और अभाविप का झंडा लगाकर छात्र-छात्राओं ने सड़क पर जाम लगा दिया। इसके बाद कुलपति का पुतला फूंक दिया गया। यहां पर जाम लगने से राहगीरों को परेशानी हुई। कई वाहन चालकों से नोकझोंक भी हुई। हंगामा सुबह 11 से शाम 6 बजे तक रहा। इस दाैरान पुलिस फोर्स तैनात रहा। प्रदर्शन में परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंकुर शर्मा, विभाग संगठन मंत्री विश्वेंद्र, महानगर मंत्री शैलेंद्र प्रजापति, प्रशांत सिंह, दिवाकर वार्ष्णेय, अरुण कुमार, जतिन आर्य, पीयूष भारद्वाज, सचिन कुमार, ओमप्रकाश, लवकुश, पीयूष पचौरी आदि थे।

तीन दिन में परीक्षा समिति की बैठक में लिया जाएगा निर्णय
आरएमपीएसयू के कुलसचिव अजय कृष्ण यादव ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन सौंपा है। कुलसचिव के अनुसार, जो विद्यार्थी एक से पांच अंक तक किसी एक विषय में फेल हो गए हैं, उनके बारे में तीन दिन में परीक्षा समिति की बैठक में निर्णय लिया जाएगा। प्राप्तांक 40 फीसदी से अधिक होने और एक विषय में फेल हैं, तो उन्हें अगली कक्षा में प्रोन्नत करने संबंधी निर्णय लिया जाएगा। तकनीकी त्रुटि के लिए अलग पटल बनाकर निस्तारित किया जाएगा। परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए वेब पंजीकरण 20 जुलाई तक होंगे।

कुलपति की एसीएम व सीओ से भी हुई नोकझोंक
विश्वविद्यालय के शिविर कार्यालय में विद्यार्थियों के हंगामे की खबर पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी प्रथम अभय पांडेय और एसीएम द्वितीय संजय मिश्रा ने कुलपति से कहा कि फेल विद्यार्थियों को 1 से 5 अंक दे दें तो उनका हंगामा खत्म हो जाएगा। इस पर कुलपति प्रो. चंद्रशेखर इन अधिकारियों पर ही बिफर पड़े। इस पर नोकझोंक हो गई। नाराज होकर अधिकारियों ने कहा कि आप ही समझौता कर लीजिए। इसके बाद वह कार्यालय से चले गए। हालांकि, हंगामा खत्म होने तक वह मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें