खैर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जल्द ही स्टेमी केयर यूनिट शुरू होने जा रही है। इस यूनिट में हार्ट अटैक पड़ने की आपात स्थिति में प्रारंभिक उपचार मिल सकेगा। यह सुविधा 24 घंटे जारी रहेगी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. रोहित भाटी ने बताया कि इस संबंध में उनके साथ ही फार्मासिस्ट प्रकाश पांडे और स्टाफ नर्स कुमारी शालिनी को जेएन मेडिकल कॉलेज के कार्डियोलॉजी विभाग की ओर से स्टेमी केयर एवं हार्ट अटैक के समय प्राथमिक प्रबंधन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण मिला है।
अब सीएचसी के आपातकालीन विभाग में हार्ट अटैक के मामलों के लिए दिल की धड़कन सामान्य करने वाली मशीन सहित आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की जा रही है। अगले सप्ताह से यह सुविधा शुरू हो जाएगी।
साथ ही जेएन मेडिकल कॉलेज के कार्डियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों से व्हाट्स एप पर 24 घंटे परामर्श सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे गंभीर मरीजों को तत्काल सही प्रारंभिक उपचार मिल सकेगा। सीएचसी के बड़े सभागार को नई इमरजेंसी यूनिट में विकसित कर 15 से 20 बेड की व्यवस्था की जा रही है।
भवन के बाहर इंटरलॉकिंग निर्माण के लिए खैर विधायक सुरेंद्र दिलेर को पत्र भेजा गया है। खैर विधायक ने कहा कि इंटरलॉकिंग सहित आवश्यक निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा।