पुलिस और सराफा कारोबारियों के बीच हुई नोकझोंक।
- फोटो : CITY OFFICE
शहर के सोनी ज्वैलर्स के मालिक के आवास, प्रतिष्ठान सहित चार स्थानों पर आयकर विभाग की छापामारी से सराफा कारोबारियों में खलबली मच गई है। देर रात तक आयकर विभाग के अधिकारी जांच में जुटे हैं। सराफा कारोबारियों ने प्रतिष्ठान बंद कर कार्रवाई का विरोध किया है। भाजपा विधायक एवं नेता भी सराफा कारोबारी के बचाव में उनके घर पर पहुंचे थे।
आयकर विभाग की टीम सुबह पांच बजे सोनी ज्वैलर्स के मालिक और अलीगढ़ सराफा कमेटी के अध्यक्ष विजय अग्रवाल के मैरिस रोड स्थित आवास पर पहुंची। विभाग की अन्य टीमें समद रोड एवं फूल चौराहा स्थित प्रतिष्ठान पर पहुंचीं। एक टीम शाहपाड़ा स्थित गोदाम पर पहुंची। अलीगढ़, मेरठ, आगरा एवं झांसी की 50 सदस्यीय टीम जांच में जुटी है। टैक्स रिवीजन का मामला सामने आ रहा है। सराफा कारोबारी के घर एवं प्रतिष्ठानों में चप्पे-चप्पे की जांच हो रही है। कागज के साथ ही कंप्यूटर एवं लैपटॉप आदि भी खंगाले जा रहे हैं। खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। विजय अग्रवाल एवं उनके परिवार के सदस्यों के मोबाइल, लैपटॉप व अन्य जरूरी कागजात आयकर विभाग के अधिकारियों ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। आयकर अधिकारियों ने सुबह में ही बंद प्रतिष्ठानों एवं गोदाम को खुलवाया।
फूल चौराहे से फूल बेचने वालों को हटा दिया गया। वाहन लगाकर रास्ते को रोक कर दिया। सराफा कारोबारी, परिजन एवं प्रतिष्ठान के कर्मचारियों से भी पूछताछ हो रही है। आयकर विभाग के अधिकारी इस संबंध में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। जांच जारी है। इस घटना की शहर में जबर्दस्त चर्चा है। व्यापारी गोलबंद हो रहे हैं। भाजपा विधायक संजीव राजा एवं अनिल पाराशर सराफा कारोबारी विजय बजाज के आवास पर पहुंचे, लेकिन जांच जारी रहने के कारण अंदर नहीं जा सके। कई भाजपा नेता सराफा कारोबारी के समर्थन में घर एवं प्रतिष्ठान पर पहुंचे।
सोनी ज्वैलर्स शोरूम में छापामार कार्रवाई के दौरान शोरूम के बाहर तैनात पुलिसकर्मी।- फोटो : CITY OFFICE