खैर की लॉ की छात्रा ने एक मुकदमे में कार्रवाई का दबाव बनाने के लिए खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया। पुलिस ने युवती को पकड़ लिया और मुचलका पाबंद कर छोड़ दिया।
खैर के गांव नगौला की प्रियंका गौतम पुत्री ब्रजेश गौतम डीएस कॉलेज से लॉ कर रही है। प्रियंका का आरोप है कि 4 मार्च को वह कॉलेज आने के लिए कस्बे के टैंटीगांव चौराहे पर बस का इंतजार कर रही थी। तभी कार सवार कुछ लोगों ने उसे अगवा कर लिया। मारपीट कर बेहोशी की हालत में गाड़ी से धक्का देकर भाग गए।
उसने गांव के ही कुछ लोगों को नामजद कर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने विवेचना में पाया कि प्रियंका ने जिन लोगों को नामजद किया है, उस पक्ष पर हमले आदि के मुकदमे में उसके भाई आदि जेल में हैं। समझौते का दबाव बनाने के लिए यह झूठा मुकदमा दर्ज कराया। इसके चलते पुलिस ने कोई गिरफ्तारी नहीं की।
सोमवार दोपहर युवती एसएसपी दफ्तर केरोसिन लेकर पहुंच गई और गेट पर ही खुद पर केरोसिन डाल लिया। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ा और एसएसपी के सामने ले जाने लगे। युवती ने हाथ से चूड़ियां उतारकर फेंकी और पुलिस से कहा पहन लो। बाद में एसएसपी ने छात्रा को समझाया और सिविल लाइंस भेजा। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने बताया कि युवती को मुचलका पाबंद कर छोड़ा दिया गया है।