महानगर के गांधीपार्क क्षेत्र की विकास नगर कालोनी में सूदखोरों की धमकी से दहशत में आए एक मजदूर युवक ने रविवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। खबर पर पुलिस भी आ गई। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने पिता की तहरीर पर दो सूदखोरों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
विकास नगर निवासी रामकिशोर का 22 वर्षीय बेटा अमित कारखाने में नौकरी करता था। बताया गया है कि उसने मोहल्ले के गुरुवचन व अंशू से 5 हजार रुपये कुछ माह पहले उधार लिए थे, जिसमें 15 सौ रुपये प्रति सप्ताह ब्याज सहित किश्त देना तय हुआ था। परिवार का आरोप है कि तीन-चार सप्ताह तक उसने किश्त दी भी। मगर बाद में लॉकडाउन के चलते किश्त देने की स्थिति न बनी तो दोनों उसे धमकाने लगे। रविवार दोपहर भी यह दोनों आए थे और उसे पकड़कर अपने साथ ले गए थे। लौटकर आने पर इसने शाम को बताया था कि रुपये न देने पर देख लेने की धमकी दी है। इसी दहशत में रात में बेटे ने फांसी लगा ली। इंस्पेक्टर गांधीपार्क के अनुसार दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पत्नी से विवाद पर लगाई फांसी
महानगर के क्वार्सी के जाकिर नगर में सोमवार शाम युवक ने पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगा कर जान दे दी। पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय जुबैर पुत्र शफी मोहम्मद की इलाके में ही जर्राह की दुकान है। दोपहर में उसका पत्नी से किसी बात पर विवाद हुआ। इस पर वह पत्नी व दोनों बच्चों को पड़ोस में ही मायके छोड़ आया और शाम को अपने घर आकर फांसी लगा ली। जब लोगों को फांसी लगाए जाने की जानकारी हुई तो खबर देकर पुलिस बुला ली गई। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार मामले में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।