थाना क्षेत्र के गांव डेटा कलां में बुजुर्ग महिला की संपत्ति के लालच में गांव के ही दो युवकों ने शराब के नशे में गला रेतकर हत्या की थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार मृतका भगवती देवी (80) का बेटा दिल्ली में रहता है। वह गांव में घर पर अकेली रहतीं थी। 18 मई को वृद्धा की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में सामने आया कि गांव के ही दो युवक लालू उर्फ ललित व गौरव वृद्धा के घर पर बैठकर अक्सर शराब पीते थे। विरोध करने पर वह वृद्धा को धमकाते थे। पुलिस ने गौरव को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की।
उसने बताया कि दोनों की नजर वृद्धा की संपत्ति पर थी। 18 मई को लालू और गौरव ने वृद्धा के घर बैठकर शराब पी। उसके बाद नशे में वृद्धा की गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी गौरव ने बताया कि घटना के समय वह घर के बाहर निगरानी कर रहा था। जबकि लालू उर्फ ललित वारदात को अंजाम देने में लगा था। पुलिस मुख्य आरोपी लालू की तलाश में जुटी है।