एएमयू के जेएन मेडिकल कालेज में जारी डाक्टरों की हड़ताल मंगलवार को खत्म हो गई। जिससे अलीगढ़ और आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिली है। इमरजेंसी में कामकाज अपनी सामान्य गति में आ गया है।
रेजीडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. ताबिश खान ने कहा है कि एएमयू प्रशासन और कुलपति की ओर से दो दिन में सभी लंबित मांगे पूरी कराने का भरोसा दिलाया गया है। इसी भरोसे पर डाक्टर काम पर लौटे हैं। अगर दो दिन के अंदर हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो आरडीए के सामने सभी रास्ते खुले हैं।
डाक्टरों ने मेडिकल कालेज के परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, मरीजों के साथ दो से ज्यादा तीमारदार नहीं आने, बाहरी व्यक्तियों के अनावश्यक प्रयोग पर रोक लगाने, मेडिकल कालेज की सुरक्षा में अतिरिक्त बुल तैनात करने की मांग की है।
गौर हो कि मेडिकल कालेज में उपचाराधीन तुर्कमान गेट निवासी बुजुर्ग मो. जहूर की 18 फरवरी को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उसके परिजनों ने डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए डा. अबू फैज से मारपीट कर उन्हें दीवार से लटका दिया था। जिसके विरोध में डाक्टरों ने 18 फरवरी से ही हड़ताल कर दी थी। छह दिन बाद मंगलवार को हड़ताल खत्म हुई है।