शासन व राजस्व परिषद द्वारा नाराजगी जताए जाने के बाद तालाबों, पोखरों और झीलों से अवैध कब्जे हटवाने के लिए प्रशासन आज से लेकर 25 मई तक सभी तहसीलों में अभियान चलाएगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल ने बताया कि डीएम के निर्देश पर तहसील कोल, अतरौली, खैर, इगलास व गभाना के एसडीएम व तहसीलदार को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद तालाबों, पोखरों व झीलों पर हो रहे अतिक्रमणों को चिन्हित कर हटवाने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि अवैध कब्जों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं।
उन्होंने बताया कि एसडीएम व तहसीलदारों से कहा गया है कि वे सन 1952 (फसली वर्ष 1359) की स्थिति के अनुसार राजस्व अभिलेखों में दर्ज तालाब, जलाशय, पोखर, झील आदि की भूमि को चिन्हित कर यह भी सुनिश्चित कर लें कि कितनी भूमि पर अवैध कब्जा है। इन अवैध कब्जों को हटवाकर राजस्व अभिलेखों में दर्ज तालाब व पोखरों को मूलस्वरूप में वापस लाया जाए।