अकराबाद में पकड़ी गई अवैध शराब फैक्टरी के संचालक 15 हजार के इनामी रविंद्र यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दो अन्य अभियुक्तोें के नाम भी प्रकाश में आए हैं, जिन पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
जहरीली शराब कांड के बाद अकराबाद क्षेत्र में अवैध शराब फैक्टरी पकड़ी गई थी। फैक्टरी का संचालक रविंद्र यादव निवासी गांव दभी थाना अकराबाद घटना के बाद से फरार था। उस पर पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसको पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि इस तरह अब तक दर्ज किए गए 17 मुकदमों में 62 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि एडीजी की समीक्षा बैठक में महुआ खेड़ा के शराब प्रकरण में वांछित रामनिवास पुत्र रामप्रकाश निवासी रुखाला थाना छर्रा और मडराक थाने से वांछित मदन गोपाल पुत्र किशनलाल थाना एनआईटी पांच फरीदाबाद हरियाणा के नाम सामने आए हैं, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में 6 टीमें गठित की गईं। यह टीमें अब तक 6 राज्यों में 200 से अधिक ठिकानों पर दबिश दे चुकी हैं। पूरे मामले में 100 से अधिक मुखबिरों को सक्रिय कर दिया गया है। तीन फैक्ट्रियां भी पकड़ी गई हैं।