गांधी पार्क थाना क्षेत्र के कुंवर नगर में पूर्ति विभाग व पुलिस की टीम ने छापा मारकर घरेलू गैस सिलिंडर के अवैध रिफिलिंग कारोबार को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मौके से बरामद हुए 28 सिलिंडरों को सील कर दिया गया है। इधर, फरार होने से पुलिस व पूर्ति विभाग के अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। आरोपी मोहित कुमार पुत्र जवाहर सिंह हाथरस जिले के महोउ, हाथरस जंक्शन इलाके का रहने वाला है।
वाकया बृहस्पतिवार का है। गांधी पार्क थाने के दरोगा अरविंद कुमार अपराधी की तलाश में जा रहे थे। तभी उन्होंने कुंवर नगर में एक व्यक्ति को अवैध रूप से घरेलू गैस सिलिंडर में गैस रिफिल करते पकड़ा। इसकी सूचना जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सोनी को दी। पूर्ति अधिकारी के मुताबिक मौके पर पूर्ति निरीक्षक पीयूष कुमार पहुंचे। उन्होंने जांच में पाया कि मोहित कुमार पुत्र जवाहर सिंह निवासी महोउ, हाथरस जंक्शन, हाथरस, किराए पर दुकान लेकर वहां अवैध कारोबार कर रहा था। पूछताछ में उसने यह बात स्वीकार भी की। वह पूछताछ के दौरान पुलिस व पूर्ति विभाग की टीम की नजरों से बचते हुए भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसके खिलाफ पूर्ति निरीक्षक पीयूष कुमार गौतम की ओर से थाना गांधी पार्क में दर्ज कराया गया है। पुलिस स्तर से आरोपी की तलाश की जा रही है।